कानपुर में जेल से छूटकर आए एक बदमाश ने रविवार की रात पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उसका एक साथ मौके से फरार हो गया। यह मामला घाटमपुर इलाके का है। जांच में सामने आया कि पुलिस पर गोली चलाने वाला बदमाश ट्रांसफार्मर से सामान और बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य है। घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। घाटमपुर में ट्रांसफार्मर और बिजली तार की चोरी पुलिस के अनुसार, बीते दिनों घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित सामान चोरी करने और बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने क्षेत्र में चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। रविवार देर रात पुलिस टीम ग्राम नीबिया के आसपास चेकिंग कर रही थी। तभी नीबिया की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार दो लोगों ने रुकने के बजाय वाहन छोड़ दिया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा, जबकि दूसरा भाग निकला। लूट, डकैती और चोरी के 10 मुकदमे पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान पवन पुत्र राम सजीवन के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और तार चोरी समेत करीब 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। घायल आरोपी को मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कानपुर डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है, कि गिरोह के अन्य सदस्यों और क्षेत्र में हुई तार चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।