आजम खान को डासना जेल से लेकर दिल्ली पहुंची ED:4 दिन पूछताछ होगी, अखिलेश बोले- कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए

गाजियाबाद की डासना जेल में बंद सपा नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को 4 दिन की रिमांड पर लिया है। रात करीब 10 बजे ED की टीम उन्हें लेकर दिल्ली स्थित अपने दफ्तर पहुंची। इस दौरान आजम ने कहा, “भाई, हमने बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया। यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए। एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही हमारी गलती थी।” इससे पहले जानकारी आई थी कि आजम को लखनऊ लाया जाएगा, लेकिन ED की टीम उन्हें पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई। वहां मेडिकल चेकअप के बाद आजम को ED दफ्तर ले जाया गया। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें समाचार मिला है कि आजम खान को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। उन्होंने लिखा, ये प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। कोई भी लापरवाही न बरती जाए। गुरुवार शाम PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) कोर्ट ने पांच शर्तों के साथ ED को आजम खान की 4 दिन की कस्टडी देने की मंजूरी दी। ED ने अदालत से 7 दिन की रिमांड मांगी थी। इन चार दिनों में ED रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण पर खर्च हुई रकम, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन और जमीनों पर कथित कब्जे व खरीद-फरोख्त से जुड़े सवाल पूछेगी। सुबह शिवपाल ने जेल में आजम से की थी मुलाकात गुरुवार सुबह सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने जेल में आजम से 2 घंटे मुलाकात की थी। जेल से बाहर आकर शिवपाल ने कहा, “आजम खान को कई बार मारने की कोशिश की गई, लेकिन वे मजबूती से खड़े हैं। मुस्लिम होने की वजह से आजम और उनके परिवार का उत्पीड़न हो रहा है।” कोर्ट ने ईडी के सामने रखीं 5 शर्तें आजम खान की ईडी कस्टडी 12 नवंबर को शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर को शाम 4:30 बजे तक रहेगी। कोर्ट ने रिमांड मंजूर करते हुए ईडी के सामने 5 शर्तें रखी हैं। ईडी आजम खान से इन सवालों के जवाब मांगेगी अब विस्तार से जानिए पूरा मामला ईडी ने जुलाई 2019 में जांच शुरू की थी। इसकी शुरुआत रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 मुकदमों से हुई। इन मुकदमों में आरोप लगाया गया था कि जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के लिए सिंहनखेड़ा गांव के किसानों की जमीन जबरन ली गई। आरोप है कि किसानों को डराकर और दबाव डालकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी। इन्हीं मामलों के आधार पर ईडी ने पैसों के लेनदेन की जांच शुरू की। 416 करोड़ रुपए के खर्च का हिसाब नहीं मिला ईडी की जांच में यूनिवर्सिटी के निर्माण पर खर्च हुई रकम में बड़ा अंतर मिला। आयकर विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी की इमारतों की कीमत करीब 494.46 करोड़ रुपए है। वहीं, जौहर ट्रस्ट ने 2013-14 से 2024-25 के बीच अपने आयकर रिटर्न में निर्माण पर सिर्फ 78.32 करोड़ रुपए खर्च दिखाए हैं। दोनों रकम में 416.14 करोड़ रुपए का अंतर है। ईडी यह पता लगा रही है कि निर्माण में खर्च हुए बाकी पैसे कहां से आए और उनका इंतजाम किसने किया। सरकारी पैसे और निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप ईडी का आरोप है कि आजम खान के कैबिनेट मंत्री रहते हुए सरकारी निर्माण कार्यों के लिए मिले पैसे और सामान का इस्तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी बनाने में किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, सरकारी ठेके लेने वाले कुछ ठेकेदारों ने यूनिवर्सिटी के निर्माण में पैसा और सामान लगाया। कुछ ठेकेदारों ने जौहर ट्रस्ट को चंदा भी दिया था। ईडी इसकी भी जांच कर रही है। एजेंसी का दावा है कि जल निगम के जरिए यूनिवर्सिटी में हॉस्टल, अस्पताल और दूसरी इमारतें बनवाई गईं। इन कामों में सरकारी पैसा खर्च होने का आरोप है। 426 करोड़ की संपत्ति पहले ही कुर्क ईडी ने 28 अक्टूबर को जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को कुर्क किया था। यानी इन संपत्तियों को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई की थी। ईडी के मुताबिक, इनकी बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपए और सरकारी कीमत 426.46 करोड़ रुपए है। ये संपत्तियां मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के नाम पर हैं। इस ट्रस्ट को आजम खान ने बनाया था। वह इसके संस्थापक और प्रमुख हैं। जमानत पर जेल से निकले, कुछ मिनट बाद फिर गिरफ्तार हुए आजम खान को 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिली थी। इसके बाद उन्हें रामपुर जेल से रिहा किया गया। लेकिन जेल से बाहर निकलते ही ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 1 नवंबर को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। इसके बाद पहली बार ईडी ने पूछताछ के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी। कोर्ट ने अब 4 दिन की रिमांड मंजूर की है। *************** यह खबर भी पढ़िए:- योगी बोले- बुलडोजर यूपी में ब्रांड बन चुका:अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले जगद्गुरु ने कहा- अहीर लाठी में तेल लगा रहे हैं सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अब बुलडोजर ब्रांड बन चुका है। माफियाराज की जगह अब कानून का राज स्थापित हो गया है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। गुरुवार को सीएम ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के ट्रैक्टर और बुलडोजर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का वीडियो कांफ्रेंसिंग से उद्घाटन किया। पढ़ें पूरी खबर…