उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच:योगी बोले- देवभूमि की बेटी नहीं होती तो सैफई में भैंस चराते, हर घर का बेटा देश सेवा को तत्पर

उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने वाले बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को करारा जवाब दिया है। लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव के दौरान योगी ने अखिलेश का नाम लिए बिना कहा, “अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।” योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पूर्व मुख्यमंत्रियों हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी का जिक्र किया। साथ ही वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, जनरल बिपिन रावत, जनरल अनिल चौहान और अजीत डोभाल के नाम लेकर उत्तराखंड के योगदान को बताया। योगी ने कहा कि उत्तराखंड ने देश को सैनिक, बड़े नेता और देश की सुरक्षा करने वाले अधिकारी दिए हैं। उन्होंने मड़वा, झंगोरा और कुल्थ की दाल जैसे पहाड़ी खाने की तारीफ की। साथ ही उत्तराखंड महापरिषद को भरोसा दिया कि लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में हर साल उत्तराखंड महोत्सव आयोजित किया जाएगा। अखिलेश पर सैफई और भैंस चराने को लेकर तंज
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने एक व्यक्ति का बयान सुना, जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहा गया था। इस पर उन्होंने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा, “उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तराखंड से थे। अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।” योगी का इशारा अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की ओर था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के बारे में ऐसी बात करना छोटी सोच को दिखाता है। पंत, बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी को किया याद
योगी ने उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए पंडित गोविंद बल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी का नाम लिया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने उत्तर प्रदेश की राजनीति और विकास में अहम भूमिका निभाई। योगी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल पहाड़ और पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि इस राज्य ने देश को कई बड़े नेता भी दिए हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के साहस का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को याद किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासन में जब उन्हें निहत्थे भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया तो उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके लिए उन्हें सजा भी भुगतनी पड़ी। योगी ने कहा कि उत्तराखंड की धरती ने ऐसे वीर पैदा किए हैं, जिन्होंने देश और लोगों के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया। बिपिन रावत, अनिल चौहान और अजीत डोभाल का नाम लिया
योगी ने देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, दूसरे सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सभी का उत्तराखंड से संबंध है। योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना में है। यहां के जवान देश की सीमा पर तैनात होकर उसकी रक्षा करते हैं। ऐसे प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया कहना उनके योगदान का अपमान है। पीएम ने उत्तराखंड को बताया आध्यात्मिक राजधानी बनने का हकदार
योगी ने उत्तराखंड की पहचान और महत्व का जिक्र किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड को भारत की आध्यात्मिक विरासत का अहम केंद्र बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड में दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन के बाद कहा था कि यह दशक उत्तराखंड का होगा। राज्य के पर्यटन, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर भी उन्होंने कई बार अपनी बात रखी है। मड़वा, झंगोरा और कुल्थ की दाल की तारीफ
योगी ने उत्तराखंड के पारंपरिक खाने की तारीफ की। उन्होंने मड़वा, झंगोरा, चौलाई और कुल्थ की दाल का जिक्र करते हुए कहा कि ये खाद्य पदार्थ पोषण से भरपूर हैं। उन्होंने कुल्थ की दाल के स्वाद की तारीफ करते हुए कहा कि इसे एक बार खाने वाला भूल नहीं सकता। योगी ने कहा कि पहाड़ी खाने को देशभर में पहचान दिलाने की जरूरत है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की तरह वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन अभियान भी चलाया जा रहा है। पंत उपवन में हर साल होगा उत्तराखंड महोत्सव
योगी ने उत्तराखंड महापरिषद की ओर से 78 साल से महोत्सव आयोजित करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिषद उत्तराखंड की लोक संस्कृति, गीत-संगीत, खानपान और परंपराओं को लखनऊ में आगे बढ़ा रही है। योगी ने भरोसा दिया कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन उत्तराखंड महापरिषद के कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगा और यहां हर साल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। बिना डरे अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाएं
योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों से अपनी संस्कृति और परंपराओं को बिना किसी डर के आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति, पहनावे, खानपान, लोकगीत और रीति-रिवाजों पर गर्व करना चाहिए। नई पीढ़ी को भी अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से है, इसलिए इन्हें बचाने और आगे बढ़ाने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। दो लोगों को उत्तराखंड गौरव सम्मान
कार्यक्रम में योगी ने पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया। उन्होंने दोनों के काम की तारीफ की। इस दौरान उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक ‘विकसित भारत श्रेष्ठ भारत’ का विमोचन भी किया गया।