उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग को 1828 पदों के सापेक्ष 1643 ही योग्य अभ्यर्थी ही मिले है। सहायक लेखाकार विशेष चयन में अनुसूचित जाति के लिए 399 और अनुसूचित जनजाति के लिए 38 पद आरक्षित थे। इस श्रेणी में एससी की कटऑफ मात्र 08.00 अंक और एसटी की कटऑफ 20.25 अंक रही है। अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थी 8 और एसटी के अभ्यर्थी 20.25 अंक लाकर सहायक लेखाकार बन गए हैं। आयोग के अध्यक्ष सत्यनारायण साबत ने बताया कि सहायक लेखाकार सामान्य चयन के 668 पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। अनारक्षित वर्ग के 387, ओबीसी के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इसमें अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के लिए 10 पद आरक्षित थे, लेकिन दोनों श्रेणी में एक भी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हुआ। सहायक लेखाकार विशेष चयन के 950 पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इसमें अनुसूचित जाति वर्ग के 341, अनुसूचित जनजाति के 12, ओबीसी के 513 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। अनारक्षित वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का एक भी अभ्यर्थी चयनित नहीं हुआ है, इस श्रेणी में उनके लिए पद नहीं थे। लेखाकार सामान्य चयन में अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 54.75, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का एक भी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं था। ओबीसी की कटऑफ 45.25 अंक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कटऑफ 52.00 अंक रही। सहायक लेखाकार विशेष चयन में अनारक्षित वर्ग के लिए एक भी पद नहीं था। अनुसूचित जाति की कटऑफ 08.00 अंक, अनुसूचित जनजाति की कटऑफ 20.25 अंक और ओबीसी की कटऑफ 47.25 अंक रही। सौ अंक की लिखित परीक्षा में 8 अंक प्राप्त करने वाले एससी और 20.25 अंक प्राप्त करने वाले एसटी के अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इसके बाद भी आयोग को एससी के लिए आरक्षित 399 पदों के सापेक्ष 341 और एसटी के लिए आरक्षित 38 पदों के सापेक्ष 12 ही अभ्यर्थी मिले हैं।