कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गुरुवार को फिर से सपा MLC शहनवाज को चुनाव लड़ाने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि शहनवाज को सहारनपुर से चुनाव जरूर लड़ाएंगे। शहनवाज ने मेरा लोकसभा चुनाव में बहुत साथ दिया है। ये बात मैं कैसे भूल सकता हूं। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा- वो हमारी बच्ची की तरह है। इसलिए मुझे कुछ नहीं कहना। दरअसल, कांग्रेस सांसद ने पहले ही शहनवाज को सहारनपुर की देहात सीट से चुनाव लड़ाने की बात कही थी। लेकिन सीट शेयरिंग की मीटिंग के बीच ही सपा ने 5 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी। इसमें दो सीटें सहारनपुर की भी हैं। उधर, भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को अचानक सीएम योगी से लखनऊ में मुलाकात की। शाम करीब 4 बजे वह 8-10 गाड़ियों के काफिले के साथ गोंडा से मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, वह योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। योगी की मां का 20 नवंबर को उत्तराखंड में निधन हो गया था। इसके पहले 21 जुलाई, 2025 को दोनों की मुलाकात हुई थी। बृजभूषण शरण सिंह की सीएम योगी से मुलाकात को 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी देखा जा रहा है। देवीपाटन मंडल में बृजभूषण का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में चुनाव से पहले उनकी मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा। उधर, कानपुर से अन्नू अवस्थी के चुनाव लड़ने पर सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कहा- अल्लाह करें कि उनको भाजपा से टिकट मिल जाए। अगर नहीं लड़ते हैं तो छोटी बहन को आशीर्वाद वही देंगे।