प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल पूछा। यह सवाल इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मान सिंह यादव को लेकर था। केशव ने पूछा- क्या सपा शिक्षा माफिया को प्रत्याशी बनाती है? प्रयागराज के मेजा थाने में मान सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमा क्या है? जिला पंचायत चुनाव के दौरान 40 लाख रुपए के साथ मान सिंह को रातभर थाने में रखे जाने का मामला क्या था? केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ग्रेटर नोएडा में कहा कि राहुल गांधी को अगली बार दिल्ली के लोग डंडे से पीटेंगे। राहुल और प्रियंका गांधी ने कोहनी मारने का नया ट्रेंड शुरू किया है। इसमें वे पुलिसकर्मियों और पत्रकारों को निशाना बना रहे हैं। उधर, यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की रैलियों में उमड़ रही भीड़ को देखकर अखिलेश यादव डरे हुए हैं। सपा AIMIM के साथ गठबंधन के फायदे-नुकसान को लेकर गोपनीय सर्वे करा रही है। वहीं, भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा- भाजपा को हरा नहीं पा रहे हैं, तो अब ये लोग संस्थाओं को हाईजैक करने पर उतारू हैं। 65 साल तक इन लोगों ने देश का शोषण किया। अब ये चाह रहे हैं कि भारत फिर 65 साल पीछे चला जाए।