छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मेट्टागुड़म कैंप में तैनात CRPF के उपनिरीक्षक (SI) देवानंद यादव ने सोमवार रात खुद को गोली मार ली। घटना के बाद साथी जवान उन्हें तुरंत इल्मागुड़ा कैंप ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी मयंक गुर्जर ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। देवानंद यादव 131वीं वाहिनी सीआरपीएफ में तैनात थे। कैंप में मौजूद जवानों और अधिकारियों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। देवानंद यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के ग्राम करजहा के रहने वाले थे। इसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे वजह स्पष्ट नहीं पुलिस ने बताया कि, एसआई ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की तैयारी की जा रही है।