हरियाणा के गुरुग्राम में आदित्य बिरला कंपनी की सीनियर अकाउंट एग्जिक्यूटिव जागृति बारी ने गुरुवार को सेक्टर-65 स्थित वर्ल्डमार्क बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने इस मामले में उसके CA पति अमित सिंघल पर सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। परिजनों के बयान से साफ हुआ है कि जागृति की मौत महज डिप्रेशन का मामला नहीं, बल्कि डॉमेस्टिक वायलेंस और इंटरकास्ट मैरिज के विरोध का गंभीर अपराध है। पुलिस की जांच में भी यह सामने आया है कि जागृति के ससुराल वाले इस इंटरकास्ट शादी के सख्त खिलाफ थे। शादी के बाद से ही उसे लगातार टॉर्चर किया जा रहा था। इसके फोटो जागृति ने अपनी बहन को भी भेजे थे। यह आरोप है कि पति अमित उसकी जासूसी भी करता था। वह लगातार जागृति की लाइव लोकेशन ट्रैक करता था, ताकि यह जान सके कि वह कब और कहां जा रही है। इतना ही नहीं, वह जागृति के फोन की कॉल डिटेल्स खंगालता था और उसके व्हाट्सएप चैट्स को भी चेक करता था। इस चौबीस घंटे की डिजिटल जासूसी और मानसिक प्रताड़ना ने जागृति को पूरी तरह तोड़ दिया था। चार प्वाइंट में समझे लव, मैरिज और डेथ की कहानी… बहन को भेजे थे मारपीट के निशान वाले फोटो इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि सुसाइड के कुछ दिन पहले ही जागृति के साथ ससुराल में गंभीर मारपीट की गई थी। इस बर्बरता की शिकार हुई जागृति ने अपने शरीर पर पड़े चोटों और नीले निशानों की तस्वीरें खींचकर अपनी बहन को व्हाट्सएप पर भेजी थीं। इन तस्वीरों के साथ उसने अपनी जान को खतरा होने और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दी जा रही यातनाओं का भी जिक्र किया था। परिजनों का आरोप है कि जागृति को इस कदर मजबूर कर दिया गया कि उसके पास वर्ल्डमार्क जैसी बहुमंजिला इमारत से छलांग लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। आत्महत्या के उकसावे का केस दर्ज, फोन कब्जे में लिया भाई हार्दिक के बयान के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति अमित को अरेस्ट कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मृतका का फोन अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे डिलीट किए गए चैट्स और अन्य कॉल रिकॉर्ड्स को रिकवर किया जा रहा है। बहन को भेजी गई तस्वीरें इस केस में सबसे पुख्ता और अहम डिजिटल सबूत साबित हो सकती है। मामले की जांच कर रही पुलिस, पति अरेस्ट इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-65 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। अगर किसी और व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों के हवाले कर दिया है। ——————————– ये खबर भी पढ़ें….. गुरुग्राम में सीनियर अकाउंटेंट ऑफिस की 5वीं मंजिल से कूदी,मौत:₹12 लाख का पैकेज, देहरादून की रहने वाली; 3 साल पहले CA से की लव मैरिज हरियाणा के गुरुग्राम में आदित्य बिरला कंपनी में सीनियर अकाउंट एक्जिक्यूटिव युवती ने ऑफिस बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना पाकर सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। (पूरी खबर पढ़ें)