चुनाव से पहले यूपी की महिलाओं को मिलेंगे ₹20-20 हजार:दिसंबर में खाते में जा सकते हैं; इस दांव से भाजपा 7 राज्यों में सरकार बना चुकी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा महिला वोटरों को साधने के लिए बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार 20-20 हजार रुपए सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करने की योजना बना रही है। इसके लिए विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र में 40 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया जा सकता है। भाजपा यह दांव खेलकर बिहार, मध्य प्रदेश समेत 7 राज्यों में सरकार बना चुकी है। 10-10 हजार रुपए की दो किस्तों में आएगी राशि राजनीतिक जानकारों का अनुमान है कि चुनाव आयोग 10 जनवरी तक यूपी विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। ऐसे में आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार दिसंबर महीने में ही 10-10 हजार रुपए की दो किस्तों में यह राशि महिलाओं के खातों में भेज सकती है। हालांकि, यह पैसा किस योजना के तहत दिया जाएगा, इसका नाम अभी तय नहीं हुआ है। दिल्ली-लखनऊ के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में लगेगी मुहर योजना के प्रारूप पर अंतिम निर्णय लेने के लिए जल्द ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की एक अहम बैठक होने जा रही है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहमति लेकर योजना को लागू किया जाएगा। इन दो वर्गों में से किसे मिलेगा लाभ, मंथन जारी भाजपा और सरकार में उच्च स्तर पर इस बात पर मंथन चल रहा है कि आर्थिक सहायता का फायदा किस वर्ग की महिलाओं को दिया जाए? इसके लिए दो विकल्पों पर विचार हो रहा है- बीपीएल परिवार- यूपी में करीब 3.64 करोड़ गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवन यापन करने वाले परिवार हैं। विचार किया जा रहा है कि इनमें से हर परिवार की एक महिला मुखिया को दो किस्तों में 20 हजार रुपए दिए जाएं। स्वयं सहायता समूह- दूसरा विकल्प राज्य आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं का है। प्रदेश में करीब 1 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्य हैं। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए इन महिलाओं को यह राशि देने पर भी चर्चा हो रही है। पुराना फॉर्मूला दोहराने की रणनीति लखनऊ से लेकर मथुरा और दिल्ली तक हुई भाजपा की बैठकों में इस बात पर सहमति बनी है कि यूपी चुनाव में भी महिला वोटर ही ‘गेमचेंजर’ साबित हो सकती हैं। भाजपा इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में भी यह प्रयोग कर चुकी है। वहां ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 1.56 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए भेजे गए थे। इस पर करीब 15,600 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। 2017 और 2022 के यूपी विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में ट्रेंड सामने आया था कि महिला वोट बैंक ने भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। 6.20 करोड़ महिला वोटरों को साधने का मेगा प्लान यूपी में महिला मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका में है। इसी ताकत को देखते हुए भाजपा 26 से 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने और उन्हें पार्टी से कनेक्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाने जा रही है। कुल मतदाता: 13,58,68,905 पुरुष मतदाता: 7,38,58,510 महिला मतदाता: 6,20,06,353 (SSR के बाद संख्या 6.30 करोड़ तक पहुंच सकती है) ट्रांसजेंंडर मतदाता: 4,021 मानदेय बढ़ाने और स्कूटी बांटकर माहौल बनाने की कोशिश भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनाव में जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सीएम योगी आदित्यनाथ के बीच एक चेहरे को चुनने की बात आएगी, तो कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के चलते महिलाएं योगी को प्राथमिकता देंगी। हाल के दिनों में योगी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मिड-डे मील रसोइयों और आशा बहुओं का मानदेय बढ़ाया है। इसके अलावा छात्राओं को टैबलेट बांटे जा रहे हैं। जल्द ही लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम में 40 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। निराश्रित महिलाओं की पेंशन बढ़ाने की भी तैयारी है। भाजपा बोली- महिलाओं के लिए सरकार अच्छे फैसले कर रही भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका पांडेय कहती हैं- महिलाओं का यह अटूट विश्वास है कि मोदी-योगी सरकार ने ही उनके रोजगार, स्वरोजगार, सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की सच्ची चिंता की है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित होने से आज माताएं, बहनें और बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। आगे भी सरकार महिलाओं के लिए जो भी बेहतर होगा, वह अवश्य करेगी। वे राज्य, जहां भाजपा पहले यही दांव खेल चुकी… इस वक्त देश के 22 राज्यों में NDA सरकार है। इनमें से 17 राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं, जबकि 5 में सहयोगी दलों के मुख्यमंत्री हैं। इन राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में रुपए भेजने की योजना के अच्छे परिणाम भाजपा को मिल चुके हैं। इसमें 3 तरह की स्थितियां बनीं-

पहली स्थिति- जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं थी, वहां सत्ता में आने पर महिलाओं को नकद राशि देने का वादा किया और सरकार बना ली।

ओडिशा – 5-5 हजार की दो किस्तों में 10 हजार देने का चुनावी वादा जून, 2024 में किया। बीजू जनता दल की 24 साल की सरकार को हराकर भाजपा ने सरकार बनाई। सितंबर, 2024 में सुभद्रा योजना लागू की। छत्तीसगढ़ – हर महीने एक हजार देने का नवंबर, 2023 में चुनावी वादा किया। कांग्रेस को हराकर सरकार बनाई। मार्च, 2024 में महतारी वंदन योजना लागू की। दूसरी स्थिति- जहां भाजपा की सरकार थी, वहां योजना बनाकर महिलाओं को सीधे आर्थिक मदद दी और फिर से सरकार बना ली। मध्यप्रदेश – मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना के तहत 1500 रुपए हर महीने महिलाओं के खातों में भेजे। योजना चुनाव से 8 महीने पहले लागू की। महाराष्ट्र – मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना के तहत 1500 रुपए हर महीने महिलाओं के खातों में भेजे। चुनाव से 4 महीने पहले लागू की। असम – अरुणोदोई योजना के तहत हर महीने 1250 रुपए/माह चुनाव से 5 महीने पहले भेजे। बिहार – मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत ₹20 हजार दिए। चुनाव से 1.5 महीने पहले योजना की पहली किस्त 10 हजार रुपए (स्वरोजगार के लिए) दी। तीसरी स्थिति- भाजपा की सरकार थी, लेकिन योजना लागू न करके सिर्फ वादा किया। फिर से सत्ता में आने पर महिलाओं के खातों में रुपए भेजे। हरियाणा – लाडो लक्ष्मी योजना के तहत ₹2100/माह। अक्टूबर, 2024 में चुनावी वादा किया। भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनी। 2025 में योजना शुरू हुई। साफ दिखता है कि जिन राज्यों में सरकारों ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खाते में सीधे पैसे भेजने की योजना लागू की, वहां भाजपा को चुनाव में दोबारा जीत मिली। वहीं, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भाजपा ने चुनाव से पहले वादा किया और सत्ता हासिल की। —————————- ये खबर भी पढ़ें… यूपी में ‘जाति’ पर चुनाव हुआ तो किसे फायदा?, 2024 लोकसभा में 29 सीटों का नुकसान उठा चुकी भाजपा ‘हिंदुत्व’ पर लड़ना चाह रही उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर ‘जाति’ और ‘हिंदुत्व’ के बीच सिमटती दिख रही है। इस बार असली लड़ाई प्रत्याशियों से पहले ‘चुनावी मुद्दे’ तय करने की है। क्योंकि सपा-कांग्रेस गठबंधन पहले ही क्लियर कर चुका है कि विधानसभा चुनाव 2027 ‘जाति’ के मुद्दे पर लड़ेंगे। पूरी खबर पढ़ें…