जौनपुर में 4 साल की बच्ची की हत्या:नदी किनारे मिला शव, शादी में आई थी; पिता बोले- हत्यारे को सख्त सजा मिले

जौनपुर में एक 4 साल की बच्ची का शव सोमवार सुबह करीब 11 बजे झाड़ियों में पड़ा मिला। वह अपनी नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। बारात आने के बाद द्वारचार चल रहा था, तभी बच्ची अचानक लापता हो गई। घरवाले तलाश करते रहे, उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांववालों ने सई नदी के किनारे बच्ची का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जहां शव मिला, वह जगह बच्ची के ननिहाल से करीब 600 मीटर दूर है। बच्ची ने सफेद रंग की फ्रॉक पहन रखी थी। उसके चेहरे पर खून लगा हुआ था। घरवालों ने रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला जफराबाद थाना क्षेत्र का है। शादी में शामिल होने आई थी बच्ची 27 जून (शनिवार) को 4 साल की अपनी मां और पिता के साथ मौसी की शादी में शामिल होने आई थी। उसके एक छोटा भाई भी है। बच्ची के माता-पिता समेत सभी लोग शादी के कार्यक्रमों में बिजी थे। बच्ची भी पास में ही खेल रही थी। लेकिन, अचानक वह लापता हो गई। बहुत ढूंढने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता बोले- बेटी को घर-घर जाकर खोजा था बच्ची के पिता का कहना है कि हमने घर-घर जाकर अपनी बेटी को खोजा, लेकिन वो नहीं मिली। सोमवार सुबह उसकी लाश मिली। मेरी बच्ची से रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है। बेटी के हत्यारे को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उसे जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। मासूम लाडो की हत्या के मामले में सोमवार देर शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही लाडो का शव उसके घर पहुंचा, सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग शुरू कर दी। सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, लाइनबाजार थाना प्रभारी केके सिंह सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। प्रदर्शनकारी आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को जांच और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। बच्ची की मां ने धनेजा गांव के साहब लाल निषाद के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। ————————– यह खबर भी पढ़ें- नोएडा में AC ब्लास्ट से 21वें फ्लोर पर भीषण आग:खिड़कियों से लपटें उठीं, 3 फ्लैट तक फैली; घबराते हुए भागे लोग नोएडा की एक बिल्डिंग में सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे भीषण आग लग गई। 21वें फ्लोर के एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट के बाद लगी आग से अफरातफरी मच गई। आग देखकर फ्लोर के लोग भी चिल्लाते हुए नीचे भागे। नीचे के फ्लैटों में रहने वाले लोग चिल्लाने लगे, “फ्लोर खाली करो।” यहां पढ़ें पूरी खबर