लखनऊ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। धामी ने कहा- सपा मुखिया ने उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहकर हमारे घावों को कुरेदा है। रामपुर तिराहा कांड को याद दिला दिया। मैं खुद उस आंदोलन में था। मुझे याद है वह दिन…। धामी ने कहा- हम उत्तर प्रदेश को बड़ा भाई मानते हैं। दो राज्य बनकर भले ही सीमाएं बढ़ गई हों, लेकिन उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड का बड़ा भाई है। मेरे सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों पर आज भी उत्तर प्रदेश ही दर्ज है। यूपी की कानून व्यवस्था पर धामी ने कहा- पहले माफिया का राज था। बच्चे व महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है। पुष्कर धामी ने कहा- योगीजी का जन्म उत्तराखंड में जरूर हुआ है, लेकिन वह एक महान संत हैं और उन्होंने अपना जीवन पूरे देश के लिए समर्पित किया है। योगीजी की सीमाएं अनंत हैं। कोई भी उन्हें सीमाओं में नहीं बांध सकता। धामी उत्तराखंड महोत्सव में बोल रहे थे। 9 नवंबर से गोमती नदी किनारे पंडित गोविन्द बल्लभ पंत संस्कृति उपवन में महोत्सव चल रहा है। इसका समापन 22 नवंबर को होगा। अखिलेश ने योगी को 13 अक्टूबर 2025 और 24 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान घुसपैठिया कहा था। रामपुर तिराहा कांड क्या है? 1 और 2 सितंबर 1994 की रात उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हुई पुलिस गोलीबारी और बर्बरता की एक घटना है। अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर दिल्ली जा रहे निहत्थे आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका और उन पर गोलियां चलाईं, जिसमें सात आंदोलनकारी शहीद हो गए थे।