यूपी में मानसून का इंतजार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के बॉर्डर पर पहुंचकर मानसून अटक गया है। इससे गर्मी बढ़ गई है। उमस से लोगों का हाल बेहाल है। मंगलवार को ज्यादातर शहरों में तेज धूप है। भीषण गर्मी और उमस हो रही है। हालांकि, दोपहर बाद नोएडा-गाजियाबाद में मौसम बदल गया। धूलभरी आंधी चलने लगी। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी./घंटा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी में मानसून की एंट्री में 3-4 दिन का समय लग सकता है। आमतौर पर 20 जून तक मानसून यूपी में एंट्री कर लेता है। लेकिन, इस बार मानसून यूपी-बिहार बॉर्डर पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पिछले 15 दिनों से यह महराजगंज के पास रुका है। 24 घंटे में इसके आगे बढ़ने और 26-27 जून तक यूपी पहुंचने के आसार हैं। आज 16 शहरों में बारिश और 38 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रयागराज (43.3°C) देश में सबसे गर्म शहर रहा। गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश हुई। बस्ती में आंधी-बारिश की वजह से पेड़-पोल उखड़ गए। एक पेड़ उखड़कर कार पर गिरा। सड़क पर यूनिपोल गिरने से भारी ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- यूपी में फिलहाल कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए पूर्वी यूपी में लू के हालात बने हुए हैं। अगले एक हफ्ते तक तापमान बढ़ेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण और मध्य भारत से आगे बढ़ गया है। अगले 48 घंटों में इसके और आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद उत्तर भारत में भी मौसम की गतिविधियों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यूपी में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…