यूपी की बड़ी खबरें:TET परीक्षा का एडमिट कार्ड 30 जून को आएगा, महिलाओं को पड़ोसी जिले में मिला सेंटर

4 साल बाद आयोजित हो रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में सेंटर अलॉटमेंट को लेकर अभ्यर्थियों में हड़कंप मच गया है। 22 जून को UPESSC द्वारा जारी की गई सिटी इंटीमेशन स्लिप के बाद साफ हो गया है कि अधिकतर महिला अभ्यर्थियों को होम डिस्ट्रिक्ट की जगह दूसरे जिले में और पुरुष अभ्यर्थियों को दूसरे मंडल में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। प्रदेश में TET एग्जाम के कुल 955 सेंटर बनाए गए हैं। किसे कहां मिला सेंटर? महिला अभ्यर्थी: होम डिस्ट्रिक्ट की जगह पड़ोसी जिलों में सेंटर मिला है। जैसे प्रयागराज की महिला अभ्यर्थी को प्रतापगढ़, जौनपुर भेजा गया है। पुरुष अभ्यर्थी: इनके साथ और सख्ती बरती गई है। होम डिस्ट्रिक्ट तो दूर, होम मंडल भी नहीं मिला। प्रयागराज मंडल के पुरुषों को बनारस या लखनऊ मंडल में सेंटर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें
टेक्निकल असिस्टेंट के 3446 पदों पर भर्ती का रिजल्ट जारी, 13 जुलाई, 2025 को हुआ था एग्जाम उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने मंगलवार को कृषि विभाग में टेक्निकल असिस्टेंट (प्राविधिक सहायक) के 3446 पदों पर भर्ती का रिजल्ट जारी कर दिया। आयोग के अध्यक्ष सत्यनारायण साबत ने बताया- 2024 में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हुआ था। जनरल के 1813, अनुसूचित जाति के 509, अनुसूचित जनजाति के 151, ओबीसी के 629 और ईडब्ल्यूएस के 344 अभ्यर्थी सिलेक्ट हुए हैं। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में 44, पूर्व सैनिक में 2 और महिला श्रेणी में 689 अभ्यर्थी सिलेक्ट हुए हैं। इस भर्ती की लिखित परीक्षा 13 जुलाई, 2025 को हुई थी। जनरल का कटऑफ 56.50, ओबीसी का 55.25, एससी का 48.75, एसटी का 13.50, ईडब्ल्यूएस का 51.00 अंक रहा। हापुड़ में ट्रक ने 8 को रौंदा, बच्ची समेत 2 की मौत; बस का इंतजार कर रहे थे हापुड़ में मंगलवार सुबह एक बेकाबू ट्रक (ट्राले) ने 8 लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक मासूम बच्ची सहित 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल हैं। हादसे का शिकार हुए लोग बस से गोंडा से दिल्ली जा रहे थे। देहात थाना क्षेत्र में बस खराब हो गई। चालक ने सड़क किनारे गाड़ी रोक दी। इसके बाद सभी यात्री दूसरी बस का इंतजार करने के लिए नीचे उतरकर डिवाइडर के पास खड़े हो गए। इसी बीच, एक बेकाबू ट्रक ने यात्रियों को रौंद दिया। पढ़िए पूरी खबर… RPF दरोगा ने 5 सेकंड में बचाई यात्री की जान, कानपुर सेंट्रल पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसा कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक दरोगा ने सूझबूझ से एक यात्री की जान बचा ली। चलती ट्रेन से उतरने के दौरान यात्री असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया था। महज पांच सेकेंड के भीतर मौके पर पहुंचे RPF दरोगा ने उसे बाहर खींच लिया। जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12382 पूर्वा एक्सप्रेस सोमवार रात प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर पहुंची थी। इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था। ट्रेन की स्पीड थमी नहीं थी, जिससे वह संतुलन खो बैठा और गिर गया। गिरने के बावजूद यात्री ने ट्रेन के गेट का हैंडल पकड़ रखा था, जबकि ट्रेन आगे बढ़ रही थी।पढ़िए पूरी खबर… नोएडा की केपटाउन सोसाइटी में युवक को महिला ने मारे 20 थप्पड़, डीजी कनेक्शन नहीं मिलने से थी नाराज नोएडा के सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसाइटी के मेंटेनेंस कार्यालय में एक महिला ने युवक के साथ मारपीट कर दी। जानकारी के अनुसार, महिला अपने फ्लैट में डीजी (डीजल जनरेटर) कनेक्शन नहीं मिलने से नाराज थी। इसी बात को लेकर वह मेंटेनेंस कार्यालय पहुंची थी। यहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि महिला के साथ आए व्यक्ति ने मेंटेनेंस विभाग में तैनात युवक के हाथ पकड़ लिए, जिसके बाद महिला ने करीब 47 सेकेंड के भीतर उसे 20 थप्पड़ जड़ दिए। पढ़िए पूरी खबर… सीएम योगी का आगरा दौरा कैंसिल: लखनऊ में अग्निकांड के बाद लिया फैसला लखनऊ में हुए कोचिंग अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी का मंगलवार का आगरा दौरा निरस्त कर दिया गया। इसके साथ ही अन्य मंत्रियों के प्रस्तावित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री को आगरा मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करनी थी। पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह करीब साढ़े तीन घंटे शहर में रहने वाले थे। इस दौरान उनका विशेष फोकस लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा पर था। फिलहाल, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर प्रस्तावित समीक्षा बैठक स्थगित कर दी गई है। पढ़िए पूरी खबर