पंकज चौधरी मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे…पढ़िए, क्या कहा:भाजपा में तोड़फोड़ पर बोले- जो छोड़कर गए, वो प्योर भाजपाई नहीं

उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनावी रण की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। दल बदल की सियासत पर यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कहते हैं- जो छोड़कर गए, वो प्योर भाजपाई नहीं…। चुनावी नारे पर कहा- 300…400 पार नहीं, इस बार भाजपा पिछली बार से बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। भाजपा विधायकों से नाराजगी पर वह सख्ती से कहते हैं- रिपोर्ट कार्ड तैयार है, संगठन फैसला लेगा। ‘कुर्मी मुख्यमंत्री’ के मुद्दे पर पंकज चौधरी ने बिना लाग-लपेट के अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि उनका सिर्फ एक ही लक्ष्य है- ‘2027 में भाजपा सरकार।’ पढ़िए पूरी बातचीत… सवाल. सपा तोड़फोड़ कर रही है, बरेली से धर्मेंद्र कश्यप साथ छोड़ गए… ऐसा क्यों? पंकज. आप जिन नेताओं की बात कर रहे हैं, वो प्योर भाजपाई कभी नहीं रहे। वो भी वहीं से आए थे, ये उनका विषय है। उन्हें लगा होगा, इसलिए गए होंगे। भाजपा में जो कार्य करने वाला कार्यकर्ता वो मजबूती से खड़ा है। सवाल. गोंडा में योगी के कार्यक्रम में ब्रजभूषण शामिल नहीं हुए, क्या वो भाजपा से नाराज हैं? पंकज. बृजभूषण शरण सिंह ने आज ही राहुल गांधी पर सवाल उठाए हैं। हो सकता है कि उस वक्त जब कार्यक्रम हुआ, उनके कुछ व्यक्तिगत कारण रहे होंगे, इसके बारे में मैं पता कर लेता हूं। सवाल. इस बार 300, 350 या 400 पार, नारा क्या दिया जाएगा? पंकज. देखिए, हमारा टारगेट जीत का होता है, पहले जो जीत दर्ज की है, उससे बड़ी जीत दर्ज करेंगे। फिर चाहे वो 2017 या 2022 के परिणाम रहे हों। सवाल. कुर्मी मुख्यमंत्री की मांग उठ रही है, क्या चुनाव के बाद सीएम पद के दावेदार आप भी हैं? पंकज. देखिए, जो लोग जातिगत राजनीति करते हैं, ये उनका विषय हो सकता है। भाजपा सर्व समाज की पार्टी है, इसलिए चुनाव होने के बाद तय होता है कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? हमारा लक्ष्य संगठन को मजबूत करना है, सिर्फ इतना ही…। सवाल. यूपी के मुख्यमंत्री बनना क्या आपका सपना है? पंकज. मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मैं पहले से भारत सरकार का मंत्री हूं, मुझे एक दायित्व देकर भेजा गया है। मेरा मछली की आंख की तरह सिर्फ एक ही लक्ष्य है कि कैसे 2027 में भाजपा की सरकार बने? सवाल. संघ-भाजपा खुद मान रहे हैं कि सोशल मीडिया रीच कम हुई है, वजह क्या है? पंकज. हमने 2014 से शुरुआत की, तब किसी दल के पास वो नेटवर्क नहीं था। 12 साल में दूसरे दल भी नेटवर्क लेकर आए हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं को नए पैटर्न से आगे बढ़ने के लिए के लिए कहा जा रहा है। सवाल. अखिलेश क्यों कह रहे कि भाजपा की जमीन ही नहीं बची है, अंगद का पैर कहां रखेंगे? पंकज. देखिए, अमित शाह जब कुछ बोलते हैं, तो बहुत सोच-समझकर ही बोलते हैं। ये भी सही है कि भाजपा अगर एक बार अपने पैर जमा लेती है, फिर चाहे वो गुजरात, मध्य प्रदेश हो…ऐसे बहुत से प्रदेश हैं। लोगों के लिए नाराजगी हो सकती है, लेकिन भाजपा के लिए वोट पड़ता है। मोदी-योगी ने जिस तरह से लोगों के लिए काम किया है। मैं दावा कर सकता हूं कि यूपी में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। सवाल. विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों को चुनने का आधार क्या होगा? पंकज. भाजपा अपने संगठन की रिपोर्ट लेती है। क्षेत्र के सभी विधायकों का भी रिपोर्ट कार्ड बनता है, सीट पर जीत और हार, दोनों की समीक्षा होती है। फिर चुनाव के वक्त स्थितियों के अनुसार ही निर्णय लिया जाता है। सवाल. जिन विधायकों के लिए जनता में नाराजगी है, उनका क्या होगा? पंकज. देखिए, राजनीति में जो किसी पद पर काम करता है, उसके लिए कहीं न कहीं नाराजगी बन ही जाती है। ये सही है कि कुछ चेहरों के लिए अंदर नाराजगी है भी…। अभी समय है, इसलिए हम ऐसे विधायकों को बता भी रहे हैं। वो ठीक कर रहे हैं, पार्टी और संगठन के लोग भी काम कर रहे हैं, इसलिए इसका असर कम कर लेंगे। लेकिन ये बता दें कि हर फैसला संगठन लेगा। सवाल. विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा कितनी तैयार है? पंकज. यूपी भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहता है। कोविड के समय लोगों ने देखा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जान हथेली पर लेकर सेवा की। ये सही है कि जब चुनाव नजदीक आते हैं, तब सक्रियता थोड़ी बढ़ जाती है। भाजपा की संगठन शक्ति से लेकर सबसे छोटी समिति यानी बूथ समिति वो चुनाव की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होती है। प्रदेश में 1.77 लाख में से 1.66 लाख बूथों पर सभी 403 विधानसभाओं में सम्मेलन किया। सभी बूथ प्रमुख हमारे हाथ पर बूथ नंबर लेकर उपस्थिति दर्ज कराई। कमेटी की 10 सदस्यों टीम का फिजिकल वेरिफिकेशन दूसरे जिलों से नेताओं को भेजकर कराया। मतलब, सबसे अंतिम इकाई की जो तैयारी है, वो भी पूरी हो चुकी है। फिर मंडल, जिले, महानगर की कार्य समिति होती हैं, जो पहले से काम कर रही है, आप समझ सकते हैं कि चुनाव के लिए हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं। सवाल. भाजपा में 403 सीटों पर टिकट कब तक फाइनल हो जाएंगे? पंकज. अभी तो शुरुआत ही नहीं हुई है, जब शुरुआत होगी, तभी ही बताएंगे कि पहली लिस्ट कब आ सकेगी। सवाल. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर इतना बवाल हो रहा है, आपका क्या स्टैंड है? पंकज. मैंने उनका बयान अभी देखा नहीं है, उन्होंने क्या कहा है ये देखने के बाद ही कुछ कह सकूंगा। ————————– यह इंटरव्यू भी पढ़ें ‘गद्दार कहलाना मंजूर, सनातन से समझौता नहीं’, अखिलेश के ‘भगोड़े को जीतने नहीं देंगे’ बयान पर मनोज पांडे बोले- ये सिर्फ अहंकार अखिलेश यादव की ‘PDA रथ यात्रा’ और उनके ‘भगोड़े को जीतने नहीं देंगे’ वाले बयान पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे कहते हैं- ये लोकतंत्र का मजाक है। चुनाव विक्रमादित्य मार्ग से नहीं, बल्कि ऊंचाहार की जमीन पर लड़ा जाएगा। वहां की जनता 2027 में करारा जवाब देगी। सपा के गद्दार वाले तंज पर कहा- अगर भगवान राम, राष्ट्र और गरीबों के साथ खड़े होना गद्दारी है, तो मैं यह गद्दारी एक करोड़ बार करने को तैयार हूं…। पूरी बातचीत पढ़िए…