पत्नी रोटियां बनाती रही…कमरे में पड़ी थी पति की लाश:UP के ट्रेडर की नाक से बह रहा था खून; दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के बंद कमरे में शव मिला। शव जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ा था। नाक से खून बह रहा था। कमरे में लैपटॉप चालू हालत में था, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइट खुली हुई थी। ओरछा रोड थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक यादव के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर का रहने वाला है। परिवार ने वहां का मकान बेच दिया था। लंबे समय से छतरपुर में रह रहा था। करीब एक महीने पहले ही परिवार नए मकान में शिफ्ट हुआ था। इससे पहले वे सामने वाले मकान में रहते थे। घर के एक कमरे में राजेश पिछले दो दिनों से बंद हैं। बाहर नहीं निकले हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ये तस्वीरें देखिए… जमीन पर बिछे बिस्तर पर मृत मिले राजेश अग्रवाल पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे को धक्का मारकर खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। राजेश अग्रवाल जमीन पर बिछे बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। उनके शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था। लैपटॉप पर खुली थी MCX और शेयर बाजार की साइट पुलिस के मुताबिक, कमरे की लाइट जली हुई थी। शव के पास मोबाइल फोन पड़ा था, जबकि सामने लैपटॉप ऑन हालत में रखा था। लैपटॉप स्क्रीन पर MCX और शेयर बाजार से जुड़ा पोर्टल खुला हुआ था, जिसमें लगातार आंकड़े दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक शेयर कारोबार और MCX ट्रेडिंग से जुड़ा हुआ था। 2 दिन से कमरे में बंद था राजेश मृतक की 90 वर्षीय मां ने पुलिस को बताया कि राजेश अग्रवाल पिछले दो दिनों से अपने कमरे में बंद था। वह मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे कमरे में गया था, जिसके बाद बाहर नहीं निकला। राजेश अक्सर कई-कई घंटों तक कमरे में बंद रहता था। बीच-बीच में बाहर निकलकर थोड़ा खाना खा लेता था या फ्रिज से पानी लेकर वापस कमरे में चला जाता था। इसी वजह से शुरू में किसी को ज्यादा शक नहीं हुआ। पत्नी रसोई में रोटियां बनाती रही, बेटे को नहीं था अहसास पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी और बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब भी दोनों सामान्य हालात को समझ नहीं पा रहे थे। पत्नी रसोई में रोटियां बनाती रही, जबकि बेटा घर के सोफे पर बैठा रहा। इस दौरान दोनों को यह तक समझ नहीं आ रहा था कि घर के अंदर क्या हो चुका है। पुलिस के मुताबिक सिर्फ मृतक की बुजुर्ग मां ही ऐसी स्थिति में थीं, जो घटना के बारे में कुछ जानकारी दे सकीं। शव के पास किसी संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मृतक की नाक से खून निकल रहा था। बेटे ने रजिस्टर देकर रिश्तेदारों के नंबर बताए जांच के दौरान मृतक के बेटे ने पुलिस को एक रजिस्टर दिया, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों के मोबाइल नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने उसी रजिस्टर के आधार पर परिजनों और समाज के लोगों को सूचना दी। कमरे में AC चालू था। माना जा रहा है कि मौत को 24 घंटे पहले हो चुकी है। पड़ोसियों से भी नहीं था ज्यादा संपर्क पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि परिवार का किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं था। घर के सदस्य बहुत कम बाहर दिखाई देते थे। शुरुआती सूचना भी पुलिस को मुखबिरों के माध्यम से मिली थी कि पिछले दो दिनों से राजेश अग्रवाल से संपर्क नहीं हो पा रहा था। MCX ट्रेडिंग और सट्टे से जुड़ा होने की चर्चा बताया जा रहा है कि- राजेश अग्रवाल MCX ट्रेडिंग और सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ था। यह भी चर्चा है कि वह पहले जुआ खेलते हुए पकड़ा जा चुका है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक के कामकाज, मोबाइल डेटा, लैपटॉप रिकॉर्ड और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जाएगी। FSL जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कमरे और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। घटनास्थल से जरूरी सैंपल और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। SP बोले- सल्फास की डिब्बी मिली, सुसाइड की आशंका एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मौके से जहरीले पदार्थ सल्फास की गोलियों की डिब्बी मिली है, जो प्रथम दृष्टया आत्महत्या की ओर संकेत करती है। घटनास्थल से लैपटॉप, मोबाइल, जरूरी दस्तावेज और कुछ रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसकी वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।