फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात आमोर पुल पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिरसागंज थाना क्षेत्र के ऊपरी कौरारा-बटेश्वर रोड निवासी मनोहर यादव (30) पुत्र ओम शरण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोहर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वह आमोर पुल के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही सिरसागंज थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह और मदनपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में शोक की लहर स्थानीय लोगों के अनुसार मनोहर यादव अपने परिवार का जिम्मेदार सदस्य था और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहता था। उसकी असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मनोहर यादव पुत्र ओम शरण यादव निवासी कौरारा-बटेश्वर रोड के रूप में हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।