बड़े भाई ने बाइक फूंकी…छोटे ने खुद को जिंदा जलाया:हरदोई में जलती गाड़ी से लिपट गया था; मरते दम तक नहीं छोड़ा

हरदोई में शुक्रवार शाम दो भाइयों के बीच बाइक को लेकर झगड़ा हो गया। देखते-देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में बाइक में आग लगा दी। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी। बाइक जलने से नाराज छोटे भाई ने पेट्रोल की बोतल अपने ऊपर छिड़क ली। फिर जलती बाइक के पास जाकर खड़ा हो गया। इससे वह तुरंत आग की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना अतरौली थाना क्षेत्र की है। अब जानिए पूरा मामला… नरोईया गांव निवासी गंगाराम की गांव के पास पुलिया पर परचून और मिठाई की दुकान है। उनके चार बेटे शेरू(30), साजन, विकास और निखिल (18) हैं, जिनमें निखिल सबसे छोटा था। दो बेटियां माहेश्वरी और मीरा हैं, जिसकी शादी हो चुकी है। गंगाराम 20 मई को तीर्थ यात्रा पर पूर्णागिरी गए थे। उनके दो बेटे साजन और विकास बेंगलुरु में काम करते हैं, जबकि शेरू और निखिल मिलकर दुकान संभालते हैं। बताया गया है कि दुकान पर बोतलों में पेट्रोल भी बेचा जाता था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे निखिल दुकान पर बैठा था। तभी बड़ा भाई शेरू घर से स्प्लेंडर बाइक लेकर दुकान पर पहुंचा। वह नशे की हालत में था और बाइक को पुवायां ले जाने की जिद करने लगा। निखिल ने उसे नशे में देखकर बाइक देने से मना कर दिया। उसने कहा कि पापा ने बाइक देने से साफ मना किया है। बाइक के पास पहुंचकर खुद को लगाई आग बाइक ले जाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। जब निखिल ने बाइक देने से इनकार किया, तो शेरू ने गुस्से में आकर दुकान से पेट्रोल उठाया और बाइक पर छिड़ककर उसमें आग लगा दी। देखते-ही-देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी। निखिल ने आग बुझाने के लिए बाल्टी में पानी लाने की कोशिश की, लेकिन शेरू ने उसे रोक दिया। इस पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। निखिल ने शेरू के सिर पर बाल्टी मार दी।इसके बाद निखिल दुकान से दो बोतल पेट्रोल लेकर आया और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। वह जलती हुई बाइक के पास जाकर खड़ा हो गया। देखते-ही-देखते आग की लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे तुरंत अतरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया- आग से झुलसे निखिल को उसका बड़ा भाई शेरू ही अतरौली सीएचसी लेकर गया था। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ———————- यह खबर भी पढ़ें… MBA छात्रा की मौत में टीचर समेत 3 सस्पेंड:रात 2 बजे में गर्ल्स हॉस्टल में घुसा डायरेक्टर, छात्राएं बोलीं- हमें टॉर्चर किया जा रहा मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में एमबीए छात्रा अनु गुप्ता की मौत मामले में छात्रावास निदेशक और 2 वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया। तीनों ने छात्राओं से अभद्रता की थी। इसके साथ ही मामले की एक 13 सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। यह समिति अनु गुप्ता की मौत कैसे हुई? ये सुसाइड या हत्या? इसकी जांच करेगी। पढ़ें पूरी खबर…