बरेली की बाजार में महिला का सिर फोड़ा, उंगली काटी:बोली- कहता है, धर्म बदलकर मुझसे निकाह करो, नहीं तो मार दूंगा

‘अयान ने बीच बाजार में मेरे ऊपर पीछे से हमला किया। उसने धारदार हथियार से सिर पर वार किया। चोट लगने पर मैं सड़क पर गिर गई। बेहोश होने के बाद भी वह मुझे मारता रहा। उसने खुद को हिंदू बताकर मुझसे दोस्ती की थी। असलियत पता चलने पर मैंने उससे दूरी बना ली। इसके बाद वह मुझ पर निकाह करने का दबाव बनाने लगा। जब मैं इनकार किया तो मेरे खून का प्यासा हो गया।’ यह कहना है तनु कश्यप का। तनु बरेली के किला थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला में अपने माता-पिता के साथ रहती है। उसकी शादी 6 साल पहले हुई थी, उसकी साढ़े 4 साल की बेटी भी है। पति पंजाब में रहता है, जिससे विवाद का कोर्ट में केस चल रहा है। पिछले 5 साल से तनु अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही है। शनिवार को तनु अपने घर से कुतुबखाना बाजार सामान लेने गई थी। तभी शास्त्री मार्केट में रहने वाला अयान पीछे से आया। उसने तनु पर बीच बाजार धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे तनु के सिर से खून बहने लगा और वह जमीन पर गिर पड़ी। हमले में उसकी एक उंगली भी कट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तनु को अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार को उसको होश आया। होश में आने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। इसमें उसने बताया- अयान नाम का युवक मुझे लगातार धमका रहा है। वो कहता है कि तुम मुसलमान बनो और मुझसे निकाह करो, वरना जान से मार दूंगा। वह कभी भी मेरी हत्या कर सकता है। पहले पढ़िए महिला ने जो बताया मिक्सी की मरम्मत से शुरू हुई पहचान
तनु ने बताया- करीब 6 महीने पहले मेरी मिक्सी खराब हो गई थी। उसकी मरम्मत कराने गई, तो वहां एक युवक मिला। उसने अपना नाम ‘बिट्टू’ बताया और मिक्सी के बारे में बताने के लिए मेरा मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद उसने मुझे नॉर्मल मैसेज भेजना शुरू किया। फिर धीरे-धीरे मुझसे बातचीत करने लगा। इसके बाद हमारी लगातार बात होने लगी। करीब 3 महीने पहले मुझे अपने पड़ोसी से पता चला कि बिट्टू का असली नाम अयान है। सच्चाई सामने आने पर मैंने उससे बातचीत करना बंद कर दिया। लेकिन, अयान ने मेरा पीछा करना नहीं छोड़ा। इमोशनल ड्रामा करके मुझ पर शादी करने का दबाव डालने लगा। मैंने कई बार उससे कहा- तुम मुसलमान और मैं हिंदू हूं। हमारी शादी नहीं हो सकती। घरवालों से शादी की बात करना तो दूर, मैं खुद तुमसे शादी नहीं करूंगी। मेरी इस बात पर भी अयान भड़क गया। इसके बाद वह गाली देकर मुझसे बात करने लगा। फिर मैंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। दूसरे नंबरों से फोन कर धमकाता था
तनु ने बताया- इसके बाद अयान मुझे दूसरे नंबरों से कॉल करने लगा। वो मुझे फोन करके धमकाता था। जब मैं उससे बहुत ज्यादा परेशान हो गई, तो 3 महीने पहले 1076 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन, पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा, उसके हौसले पहले से ज्यादा बढ़ गए और उसने कल मुझे जान से मारने की कोशिश की। मां बोली- मेरी बेटी को बहुत बुरी तरह मारा
तनु की मां सुनीता ने बताया- मेरी बेटी बाजार से सामान लेने के बाद अपनी सहेली के घर जा रही थी। तभी उसके ऊपर अयान ने हमला कर दिया। उसने उसकी हत्या की कोशिश की। मेरी बेटी को बहुत बुरी तरह मारा है। उसका सिर फट गया। ऐसे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जो आज मेरी बेटी के साथ हुआ, ऐसा कल किसी और की बेटी के साथ न हो। ऐसे जिहादियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अगर पुलिस पहले ही कार्रवाई कर देती तो मेरी बेटी की ये हालत नहीं होती। मुझे अभी भी डर है कि कही अयान मेरी बेटी पर दोबारा से हमला न कर दे। हिंदू बहू-बेटियों का ऐसा हाल बर्दाश्त नहीं होगा
हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा- ये लव जिहाद का मामला है। हिंदू युवती को पहचान छिपाकर आरोपी ने अपने प्रेमजाल में फंसाया है। ये बहुत बड़ा अपराध है। योगी राज में हिंदू बहू-बेटियों के साथ अगर कोई ऐसा करेगा, तो उसके खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। योगीजी, लव जिहाद के खिलाफ कानून भी बना चुके हैं। हमारी हिंदू बहनों के साथ अगर कोई भी गलत करेगा, तो हिंदू महासभा आवाज उठाएगी। अपनी बहनों का साथ देगी। वहीं, इस घटना के बाद शहर कोतवाली में अयान के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया- 7 सितंबर को एक महिला ने थाना कोतवाली में एक शिकायत दी। इसमें उसने बताया कि एक युवक ने पीछा किया और उसके साथ मारपीट की। उस युवक को वह पिछले 6 से 7 महीने से जानती थी। दोनों में बात भी होती थी। पुलिस ने युवक और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए 2 टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ————————— ये खबर भी पढ़िए- ‘साहब हाथ पकड़ते हैं, कमरे में ले जाते हैं’, ACS के खिलाफ IGRS और PMO तक शिकायतें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला सुरक्षा को लेकर चर्चा कर रहे थे। एंटी रोमियो स्क्वॉड को एक्टिव करने की बात कह रहे थे। इधर, उनकी ही सरकार के एक वरिष्ठ IAS अधिकारी पर महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए। पढ़ें पूरी खबर…