बांदा देश का सबसे गर्म शहर, पारा 47.4°C पहुंचा:4 साल बाद अप्रैल में इतनी तपिश; 14 शहरों का तापमान 40°C पार

यूपी में पारा 47 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान वाले देश के 41 शहरों की लिस्ट जारी की। इसमें यूपी के 14 शहर शामिल हैं। लिस्ट में बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 47.4°C रिकॉर्ड हुआ है। यह सऊदी अरब और पाकिस्तान के तापमान से ज्यादा है। शनिवार को सऊदी अरब में 31°C और पाकिस्तान के जैकोबाबाद का तापमान 44°C रिकॉर्ड हुआ है। जैकोबाबाद में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। मौसम विभाग के मुताबिक, बांदा में चार साल पहले 2022 में 30 अप्रैल को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार गया था। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश शाह ने बताया, बांदा बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित है। यहां चलने वाली गर्म पछुआ हवाएं तापमान बढ़ाती हैं, जिसकी वजह से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज देश का दूसरा सबसे गर्म शहर
प्रयागराज और वाराणसी में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। 45.5°C के साथ प्रयागराज देश में चौथा और 45°C के साथ वाराणसी 5वां सबसे गर्म शहर रहे। एक दिन पहले शुक्रवार को प्रयागराज का तापमान 45.2°C रिकॉर्ड हुआ था, जो देश में सबसे अधिक था। मौसम विभाग के मुताबिक आज 60 जिलों में लू चली। लोग चेहरा ढककर और छाता लेकर ही घर से निकले। काशी में घाटों पर सन्नाटा पसरा रहा। घाटों पर पर्यटकों के न आने के चलते नाविकों ने सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालन बंद कर दिया। आगरा और कानपुर में सड़कों पर नगर निगम पानी की बौछारें डाल रहा है, ताकि राहगीरों को दिक्कत न हो। गर्मी का असर जानवरों पर भी पड़ रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़ा पानी से बाहर नहीं निकल रहा है। कानपुर में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7°C दर्ज किया गया। इससे पहले, 2008 में अप्रैल में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंचा था। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें। 21 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है, यानी रातें भी गर्म रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी रविवार से मौसम में बदलाव होगा। 27 अप्रैल से आंधी-तूफान के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 27 अप्रैल से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। आंधी-तूफान की भी संभावना है। बारिश हुई तो पारे में 2–3°C की गिरावट आ सकती है। 30 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। गर्मी की तस्वीरें… मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-