‘मेरी बच्ची सरकारी स्कूल में 7वीं में पढ़ती है। उसके साथ टीचर ने बहुत गंदा काम किया। टीवी चलाने के बहाने क्लास में बुलाया फिर गलत तरीके से छूने लगा। वो डरकर भागी, तो उसका मुंह दबा दिया। प्राइवेट पार्ट टच किया, धमकी देकर डराया। मेरी बच्ची को न्याय मिले और टीचर को कड़ी सजा मिले।’ यह कहना है मिर्जापुर की उस मां का, जिसकी 14 साल की बेटी से 50 साल के टीचर ने रेप की कोशिश की। बच्ची वालीबॉल की अच्छी प्लेयर भी है। घटना 8 अक्टूबर को स्कूल के क्लासरूम में हुई। मां की शिकायत पर 13 अक्टूबर को पुलिस ने पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। घटना के बाद से टीचर मेडिकल लीव लगाकर स्कूल नहीं आ रहा। बच्ची इतना डर गई है कि कुछ भी बताते हुए रोने लगती है। 5 दिन से स्कूल नहीं गई है। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर पहुंची। बच्ची और उसकी मां से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… घर से 1 किमी दूर पढ़ने जाती है बच्ची कछवा थाना क्षेत्र के एक गांव में पीड़ित बच्ची का घर है। घर पर मां-पिता और एक छोटा भाई है। एक बड़ी बहन है, जो रिश्तेदार के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही है। पिता खेती-किसानी करके परिवार चलाते हैं। घर से 1 किमी दूरी पर उच्च प्राथमिक स्कूल है। यहां बच्ची 7वीं क्लास में पढ़ती है। स्कूल में 175 बच्चे हैं, जिनमें 90 लड़के और 85 लड़कियां हैं। यहां महिला प्रिंसिपल निर्मला सिंह के अलावा 2 सरकारी टीचर और 3 शिक्षामित्र नियुक्त हैं। मनोज कुमार गौतम 2017 से यहां सहायक अध्यापक के रूप में तैनात है। इससे पहले वह चुनार में था। चुनार में भी उसके खिलाफ अनुदेशिका ने शिकायत की थी, जिसके बाद यहां ट्रांसफर किया गया था। पढ़िए पीड़ित बच्ची ने क्या बताया… बच्ची ने बताया- मैं क्लास- 6 तक वालीबॉल खेलती थी। 7वीं में खेल छूट गया। उसके बाद सर बाकी लड़कियों से और हमसे फालूती की बातें करते थे। 2-3 महीने से मुझसे गंदी-गंदी बातें बोल दिया करते थे। इधर-उधर टच किया करते थे। 8 अक्टूबर को हमारे यहां कुकिंग कॉम्पटीशन था। सब लड़कियों ने खाना बनाया था। मैंने भी मंचूरियन बनाई थी। सब लड़कियां सर को खाना देने गईं, लेकिन हम नहीं गए थे। सर ने लड़कियों से कहकर हमें क्लास में बुलाया। कहने लगे कि तुम्हें टीवी चलाना आता है? मैंने मना कर दिया। बोले कि मैं सिखाता हूं और मुझे पीछे से गलत तरह से टच करने लगे। मैंने चिल्लाकर भागने की कोशिश की, तो मेरा मुंह दबा दिए। उसके बाद मेरे साथ गलत काम किया। मां बोली- कई महीने से गुमसुम थी बेटी बच्ची की मां ने बताया- पिछले काफी समय से बेटी गुमसुम रहती थी। घटना वाले दिन स्कूल से आकर रोने लगी। मैंने शांत कराया और समझाया, तो उसने बताया कि उसके साथ मनोज सर ने गलत काम किया है। किसी लड़की से बेटी को बुलवाया। टीवी चलाने के बहाने उसके प्राइवेट पार्ट को टच किया। बेटी ने चिल्लाने की कोशिश की, तो उसके मुंह पर हाथ रख दिया। कैसे भी जबरदस्ती बच्ची छुड़ाकर वहां से भागी। क्लास में आने के बाद रोने-धोने लगी। वहां भी टीचर उसको डराने लगा कि घर पर किसी से कहोगी, तो हम स्कूल से निकाल देंगे। तुम्हारे मम्मी-पापा को भी जेल करवा देंगे। स्कूल से भागा, फोन पर धमकी दी मां ने बताया- घर आकर बेटी रो रही थी। कुछ बता भी नहीं पा रही थी। हमने उसे बहुत समझाया, तब उसने डरते हुए सब कुछ बताया। हम लोग तुरंत स्कूल गए, तो मनोज वहां से निकल गया था। मैंने उसे फोन किया, तो बोला तुम लोगों पर SC/ST एक्ट लगा देंगे। उल्टा तुम लोगों को जेल भिजवा देंगे। अगले दिन हम लोग पुलिस के पास गए। पुलिस भी हमें दौड़ाती रही। केस दर्ज तो हो गया, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। हम बस प्रशासन से इतनी ही मांग करते हैं कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। जो दोषी है, उसको सजा दी जाए। मेरी बच्ची को न्याय मिलना चाहिए। गेम टीचर की जगह आरोपी खिलवाता था नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने बताया कि स्कूल में एक गेम टीचर की तैनाती है। इस स्कूल के बच्चों का चयन स्टेट लेवल की वालीबॉल प्रतियोगिता में हो चुका है। लेकिन, मनोज गेम टीचर की जगह खुद बच्चों को गेम खिलवाता था। बच्चों का ब्रेनवॉश करता था। पिछले साल स्कूल के बच्चों को अयोध्या में गेम खेलने जाना था। इसमें एक महिला टीचर और गेम टीचर को जाना था। लेकिन, उसने बच्चों को इतना भड़काया कि बच्चे बोलने लगे- मनोज सर के बिना नहीं जाएंगे। पीड़ित बच्ची भी गेम खेलने गई थी, लेकिन उसे वहां पर टीम में नहीं खिलाया गया था। प्रिंसिपल बोलीं- जागरूक करने पर मां को बताया प्रिंसिपल निर्मला सिंह का कहना है कि जो भी हुआ है वो बहुत गलत है। दो-तीन दिन पहले ही हमने स्कूल में सभी बच्चियों को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में समझाया था। जागरूक किया था कि ऐसी चीजें बर्दाश्त मत किया करो। उसी से जागरूक होकर बच्ची ने अपनी मां को यह बात बताई। अगर जरूरत पड़ी, तो मैं खुद बच्ची के साथ शिकायत करने जाऊंगी। थाना प्रभारी अमर जीत चौहान ने बताया- मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का बयान दर्ज किया गया है। जिला अस्पताल में मेडिकल कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————– यह खबर भी पढ़ें… पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने नई राजनीतिक पार्टी बनाई, नाम- जननीति भारत रखा, मिर्जापुर सदर से चुनाव लड़ेंगी यूपी की पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी बनाने का ऐलान किया है। पार्टी का नाम ‘जननीति भारत’ रखा है। गुरुवार दोपहर एक बजे फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करके उन्होंने बताया कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर जिले की सदर सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगी। पढ़ें पूरी खबर…