मथुरा में 15 फीट ऊपर से गिरी लड़की, मौत:पहली मंजिल पर बंदरों को खाना खिला रही थी, झपट्टा मारते ही बिगड़ा बैलेंस; CCTV

वृंदावन में 13 साल की एक लड़की की पहली मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह घर की खिड़की से बंदरों को खाना खिला रही थी। इसी दौरान एक बंदर ने झपट्टा मार दिया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया। वह करीब 15 फीट नीचे सड़क पर गिर गई। घटना बुधवार शाम 4.30 बजे बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह इसका CCTV सामने आया है। फुटेज में लड़की पहली मंजिल से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। हादसे के समय घर में लड़की का छोटा भाई ही मौजूद था, जबकि माता-पिता काम पर गए थे। आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लड़की की पहचान संत कॉलोनी निवासी पूर्वा (13) पुत्री अनिल पांडे के रूप में हुई है। हादसे की 3 तस्वीरें देखिए… CCTV में जो दिख रहा, वो पढ़िए… CCTV में तीन मंजिला मकान दिखाई दे रहा है। पहली मंजिल की खिड़की पर लोहे की ग्रिल लगी है। लड़की बंदरों को खाना खिला रही है। नीचे गली में एक सफेद कार खड़ी है। घर के बाहर एक युवक बैठा हुआ नजर आ रहा है। अचानक लड़की पहली मंजिल से सीधे सड़क पर गिर जाती है। आवाज सुनते ही युवक उठकर बाहर दौड़ता है। कुछ ही सेकेंड में आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो जाती है।
अब सिलसिलेवार से पूरा मामला समझ लीजिए- संत कॉलोनी में अनिल पांडे पत्नी, बेटे और बेटी पूर्वा के साथ किराए के मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं। मूल रूप से अयोध्या का रहने वाले हैं। अनिल और उनकी पत्नी परिक्रमा मार्ग पर खाने का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पूर्वा को उन्होंने गोद लिया था। घर के आसपास अक्सर बंदरों का जमावड़ा लगा रहता है। बुधवार सुबह अनिल और उनकी पत्नी काम पर चले गए थे। घर पर पूर्वा और उसका छोटा भाई थे। शाम के वक्त अनिल को फोन कर पड़ोसी ने बताया कि उसकी बेटी पूर्वा तीसरी मंजिल से सड़क पर गिर गई है। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पड़ोसी ने बताया कि वह उसे लेकर अस्पताल जा रहा है। अस्पताल में डॉक्टर्स ने पूर्वा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। बांके बिहारी चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया- बिल्डिंग की पहली मंजिल से गिरने से लड़की की मौत हुई है। लड़की मानसिक रूप से बीमार थी। परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। ——————— यह खबर भी पढ़ें- राम मंदिर चोरी-यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने दर्शन कराए:20 घंटे नजरबंद करके रखा था; CO ने जेल में आरोपियों से पूछताछ की अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सियासत तेज हो गई। करीब 20 घंटे नजरबंद रखने के बाद मंगलवार रात 9 बजे पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कराए। यहां पढ़ें पूरी खबर