मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, 6 जिंदा जले:ट्रक की टक्कर से बोलेरो में आग लगी, डिजायर ट्रेलर में जा घुसी

मिर्जापुर में बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें 6 से 7 लोगों के जिंदा जलने की आशंका है। दरअसल, चना लादकर जा रहे एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह बेकाबू होकर कई गाड़ियों से टकरा गया। इसके बाद बोलेरो को जोरदार टक्कर मारते हुए स्विफ्ट डिजायर कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर भी आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे के बाद वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते बोलेरो समेत अन्य वाहन धू-धू कर जलने लगे। मामला ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार सभी लोगों की मौत होने की आशंका है। बोलेरो में सवार 8 से 9 लोगों के भी जिंदा जलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उसमें सवार लोगों की संख्या अभी साफ नहीं हो सकी है। बोलेरो जिगना थाना क्षेत्र के हाटा की बताई जा रही है। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तेज आग होने से राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ है। फायरकर्मी आग ठंडी होने का इंतजार कर रहे हैं। जिससे शवों को बाहर निकाला जा सके। खबर अपडेट की जा रही है…