मुजफ्फरनगर में 7 फीट सड़क धंसी, सोनभद्र में मां-बेटी बही:यूपी के 30 जिलों में आंधी-तेज बारिश, पूरे प्रदेश में छाया मानसून

पूरे यूपी में मानसून सक्रिय हो गया है। इसके असर से बुधवार रात से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, बलिया समेत 30 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वाराणसी में गुरुवार दोपहर को आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इससे पहले, सुबह लखनऊ में रिमझिम बारिश शुरू हुई। मुजफ्फरनगर में इतनी बारिश हुई कि बीच बाजार सड़क धंस गई। बुधवार को 3 फीट गहरा और 7 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। सोनभद्र में नाले के तेज बहाव में मां-बेटी बह गईं। महिला अपनी 8 महीने की बच्ची को गोद में लेकर जा रही थी। बलिया-फतेहपुर में बिजली गिरने से एक-एक शख्स की मौत हो गई। आज सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे पूरे यूपी में तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने का अनुमान है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून आने के बाद फिलहाल लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी। तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली है। आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। आंधी-तूफान और बारिश के आसार बने रहेंगे। बहराइच-बिजनौर में सबसे ज्यादा बारिश, सड़कों पर भरा पानी इससे पहले, बुधवार को वाराणसी, प्रयागराज समेत 25 शहरों में बारिश हुई। आजमगढ़-बिजनौर में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। बहराइच में सबसे ज्यादा 113 मिमी, बिजनौर में 95 मिमी बारिश हुई। ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 मिमी और संभल-हमीरपुर में 65-65 मिमी बारिश हुई। आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…