‘पहले पति की मौत के बाद नवजोत ने मुझे सहारा दिया था। अगर गलती थी, तो हम दोनों की थी। जो सही लगा, हमने किया। शादी के बाद हम डरकर भागते रहे। मेरे दोनों बेटे और ससुरालवाले धमकी देते थे कि तुम दोनों की जान ले लेंगे। धीरे-धीरे सब सही हो रहा था। तभी बेटों ने पति को मार दिया। उनको सख्त सजा मिलनी चाहिए।’ यह कहना है उस महिला का, जिसके दूसरे पति की उसी के बेटे ने न्यूजीलैंड से आकर हत्या कर दी। बेटे मां की दूसरी शादी से नाराज थे। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर मिलक खानम थाना क्षेत्र में पीड़ित के घर पहुंची। इकलौते बेटे को खोने वाली मां का कहना है कि एक बेसहारा महिला को सहारा देकर मेरे बेटे ने कौन-सी गलती की, जिसकी उसे सजा मिली। पढ़िए परिवार से बातचीत… पहले मामला समझिए… रामपुर में शनिवार (10 अक्टूबर) को 30 साल के कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय वह अपनी दुकान पर बैठा था। शाम करीब 5 बजे कार से 2 लोग पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। नवजोत ने अपने से 10 साल बड़ी कमलजीत कौर (40) से लव मैरिज की थी। सौतेले बेटे ने अपनी बुआ के लड़के के साथ मिलकर उसकी की थी। बेटा और ससुराल वाले कमलजीत की दूसरी शादी से नाराज थे। नवजोत के पिता निशान सिंह ने सौतेले बेटे अवदीप (20), उसके भाई जोगनप्रीत (21) और बुआ के बेटे राजन दीप समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। दोनों सौतेले बेटे न्यूजीलैंड में रहते हैं। वहां डेयरी फॉर्म में काम करते हैं। सोमवार (12 अक्टूबर) को पुलिस ने एक बेटे अवदीप और उसके बुआ के बेटे राजन दीप को गिरफ्तार कर लिया है। 6 सीन में देखिए पूरा मामला पहली पत्नी की मौत के बाद जेल गया था नवजोत हमारी टीम कुम्हरिया टाह गांव पहुंची। यहां नवजोत सिंह का गिल फॉर्म हाउस के नाम से 300 गज में घर बना है। परिवार के पास 50 बीघा से ज्यादा जमीन है। घर से 5 किमी दूर नवजोत की गिल वॉशिंग हब के नाम से दुकान है। पिता निशान सिंह किसान और मां जगदीश कौर हाउस वाइफ हैं। बहन खुशदीप कौर (26) कनाडा में जॉब करती है। नवजोत की हत्या के बाद से घर पर सुरक्षा के लिए 2 महिला कॉन्स्टेबल समेत 8 पुलिसकर्मी तैनात हैं। नवजोत की पहली शादी 26 जनवरी, 2022 में हुई थी। 3 महीने बाद ही पत्नी मायके चली गई और वहां सुसाइड कर लिया। ससुरालवालों ने नवजोत पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। इसके बाद नवजोत 16 महीने जेल में रहा। उधर, साल- 2021 में कमलजीत के पति की मौत हो गई। वह अपनी ससुराल में 2 बेटों के साथ रहती थी। कमलजीत की पहली ससुराल वाला घर और नवजोत का घर आमने-सामने हैं। अब पढ़िए पत्नी ने जो कुछ बताया… कमलजीत कौर बताती हैं- नवजोत जब जेल से बाहर आया, तो 18 अप्रैल 2025 को हमारी पहली बार मैसेज पर बात हुई। इसके बाद हम दोनों की बात होने लगी। फिर हमने शादी करने का फैसला कर लिया। नवजोत के घरवालों को तो कोई दिक्कत नहीं थी। लेकिन, मेरी ससुरालवाले मुझे धमकी देने लगे कि अगर शादी की तो तुम दोनों को जान से मार देंगे। 2 जनवरी, 2026 को मैं नवजोत के साथ हल्द्वानी चली गई। वहां हम दोनों किराए का कमरा लेकर रहने लगे। 27 फरवरी को हम दोनों ने गुरुद्वारे में शादी कर ली। पिछली ससुराल में मेरे नाम पर 2 एकड़ जमीन थी। उसके बहाने ससुरालवालों ने मुझे पुलिस स्टेशन बुलवाया। 19 मार्च को पुलिस स्टेशन से ही ये लोग मुझे जबरन अपने साथ ले आए। ससुराल वालों ने जबरन अबॉर्शन कराया मैं उस समय प्रेग्नेंट थी। इन लोगों ने जबरदस्ती मेरा अबॉर्शन करवा दिया। मेरे पास कोई फोन नहीं था, जिससे मैं नवजोत से बात कर पाती। धमकी देकर मुझसे नवजोत के खिलाफ पुलिस में केस भी लिखवा दिया। एक दिन मुझे एक फोन मिल गया, तो मैंने नवजोत से बात की। उसने पूछा कि तुम अपनी मर्जी से वहां रह रही हो या जबरदस्ती? मैंने उसे बताया कि मेरे साथ जबरदस्ती की गई है। 4 जून को नवजोत अकेला आया और मुझे अपने साथ इन लोगों से बचाकर ले गया। इसके बाद हम लोग एक वकील के घर में किराए पर रहने लगे। हम धमकियों की वजह से खौफ में थे। बोली- अगर गलती थी तो हम दोनों की थी 22 अगस्त को नवजोत मुझे लेकर अपने घर आ गए। हमारे पास अक्सर धमकियां आती थीं। लेकिन, मुझे नहीं लगता था कि सिर्फ बेटे इतना बड़ा कदम उठा सकते हैं। किसी ने पीछे से उन्हें भरोसा दिया होगा। पहले पति की मौत के बाद नवजोत ने सहारा दिया। अब वो भी इस दुनिया में नहीं है। नवजोत की क्या गलती थी? अगर गलती थी, तो हम दोनों की थी। मेरी प्रशासन से यही मांग है कि मेरे पति के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पिता बोले- हमसे हमारे बुढ़ापे का सहारा छीन लिया पिता निशान सिंह कहते हैं- नवजोत हमारा इकलौता बेटा था। वो कमलजीत का सहारा बना था। उसके लड़कों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बहू का और हमारा भी सहारा छीन लिया। बुढ़ापे का हमारा वही सहारा था, जिससे उम्मीद थी। अब हमारी तो उम्मीद ही खत्म हो गई। सख्त से सख्त कार्रवाई हो और उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। मां बोली- मेरे बेटे का कोई कसूर नहीं था मां जगदीश कौर का कहना है- कमलजीत के पति की मौत के बाद नवजोत ने एक बेसहारा महिला को सहारा दिया था। लेकिन, कमलजीत के बेटों और उनके ससुरालवालों को यह गवारा नहीं हुआ। उन्होंने सिर्फ बहू का सहारा नहीं छीना, बल्कि एक बेकसूर बेटे को छीनकर हमसे भी हमारा सहारा छीन लिया। नवजोत का बस इतना ही कसूर था कि उसने एक बेसहारा महिला की मदद की थी। प्रशासन और योगीजी से हमारी हाथ जोड़कर यही विनती है कि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। उन्हें उनके किए की सख्त से सख्त सजा मिले। एडिशल एसपी ने बताया… सीसीटीवी में जो 2 युवक गोलियां चलाते दिख रहे थे, उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्हें कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार के घर पर सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात की गई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। —————————- यह खबर भी पढ़ें… मां से लव-मैरिज करने वाले को मारने न्यूजीलैंड से आया, रामपुर में सौतेले पिता को गोलियों से भूना रामपुर में 30 साल के व्यापारी की हत्या उसके सौतेले बेटे ने अपनी बुआ के लड़के के साथ मिलकर की थी। बेटा अपनी मां की दूसरी शादी से नाराज था। शनिवार को हुई इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। शाम करीब 5 बजे अपनी दुकान पर बैठे व्यापारी नवजोत सिंह पर कार से आए 2 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। पढ़ें पूरी खबर…