‘मेरी सरकार बनी तो 1 रुपए में MBBS डॉक्टर बनवाऊंगा’:लखनऊ में चंद्रशेखर बोले- वकालत और इंजीनियरिंग की पढ़ाई फ्री होगी

आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा- मेरी सरकार बनी तो यूपी में 1 रुपए में MBBS डॉक्टर बनवाऊंगा। वकालत और इंजीनियरिंग की पढ़ाई फ्री होगी। कक्षा-1 से 12 तक सबको समान शिक्षा मिलेगी। जैसे बीजेपी का संकल्प राम मंदिर का था, हमारा संकल्प मुफ्त शिक्षा का है। नगीना सांसद चंद्रशेखर शनिवार को लखनऊ में विधानसभा मार्ग स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने का ऐलान करते हुए कहा कि तमिलनाडु के चुनाव परिणामों से पता चल गया है कि यूपी में बदलाव हो सकता है। चंद्रशेखर की कही गई 5 बड़ी बातें पढ़िए… 1- युवाओं के लिए फ्री इंट्रेंस एग्जाम कराए सरकार पेपर लीक एक संगठित अपराध की तरह देखा जाए और हत्या के मामले जैसी सजा का प्रावधान किया जाए। पेपर लीक सबसे बड़ा अपराध होना चाहिए, जो बच्चों के भविष्य और माता-पिता के सपनों को बर्बाद कर देता है। मैं नौजवानों के साथ खड़ा हूं। सरकार से कहूंगा कि प्रतियोगी नौजवानों के लिए मुफ्त एंट्रेंस एग्जाम और होम सेंटर की व्यवस्था की जाए। कक्षा-1 से 12 तक के विद्यालयों में समान शिक्षा देंगे। जैसे बीजेपी का संकल्प राम मंदिर का था, हमारा संकल्प मुफ्त शिक्षा का है। सबसे बड़ी बात हमारी सरकार बने तो 1 रुपए में MBBS डॉक्टर बनाएंगे। वकालत और इंजीनियर की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त रहेगी। हमारा संकल्प नौजवान को रोजगार दिलाने का है। अगर यही नौजवान सड़कों पर आ गया तो क्या होगा? 2- गठबंधन के दरवाजे सभी के लिए खुले हमारा मिशन है- नौकरी दो या कुर्सी छोड़ो। युवा रोजगार मांग रहा है न कि भ्रष्टाचार। ये सरकार निकाय चुनाव नहीं कराना चाहती है। सरकार जानती है कि निकाय में हारने के बाद विधानसभा हारने का भी रास्ता बनेगा। हम 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हमारे दरवाजे गठबंधन के लिए खुले हैं। SC/ST/OBC को प्रमोशन में आरक्षण देंगे। 15 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण अति पिछड़ी जातियों को देंगे। पिछड़े वर्ग को लोकसभा और राज्यसभा में भी आरक्षण मिलना चाहिए। महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण रहेगा। ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे और साथ में किसानों को फसलों के नुकसान की भरपाई और MSP की गारंटी देंगे। अभी प्रीपेड मीटर का इश्यू चल रहा था। हमारी वजह से प्रीपेड मीटर हटे। मैंने ये सवाल लोकसभा में उठाया और आंदोलन हुआ। चुनाव के डर से सरकार ने प्रीपेड मीटर वापस लिए। मैं कहना चाहूंगा कि जैसे ही चुनाव खत्म होगा तो ये सरकार फिर से स्मार्ट मीटर शुरू कर देगी। इसीलिए इस सरकार को हटाना जरूरी है। 3- बिजनौर से सत्ता परिवर्तन की शुरुआत करेंगे 4 जून को हम व्यवस्था परिवर्तन दिवस मनाएंगे। बिजनौर से सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करेंगे। ‘बहुजन हिताय और बहुजन सुखाय’ के नारे से हमारी 2027 की लड़ाई की शुरुआत होगी। वर्तमान सरकार के 9 साल हो चुके हैं। अब तक इसने क्या दिया आपको, ये मैं आपको बताता हूं। प्रदेश में 10 प्रतिशत बिजली दरों में बढ़ोतरी हुई है। वह भी तब जब बिजली कटौती सबसे ज्यादा है। ये सत्ता परिवर्तन यात्रा केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि संविधान बचाने की यात्रा है। पिछड़े, दलित और मुसलमानों के हक की यात्रा है। यूपी में सबसे ज्यादा दलित और अल्पसंख्यक के साथ अन्याय हो रहा है। 4. कोर्ट ने माफिया की सूची मांगी, अब रक्षामंत्री बताएं चंद्रशेखर ने कहा- राजनाथ सिंह वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया और सीएम योगी के लॉ एंड ऑर्डर की बात करते हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश की सरकार से जो कोर्ट ने माफियाओं की सूची मांगी है, उसके बारे में भी जानकारी हासिल करें और बताएं कि यूपी में किस तरह के माफिया हैं। यूपी में रेप, मर्डर जैसी खबरें आ रही हैं और यह सिर्फ अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। 5. ‘क्या मथुरा-बनारस से मंदिरों को अयोध्या ले जाएंगे’ 1991 में यूपी विधानसभा के सामने बाबा साहब के अस्थि कलश स्थापित किए गए थे। एक बार पहले भी प्रयास हुआ था और अब फिर कोशिश हो रही है इस स्थान को बदलने की और इससे छेड़छाड़ की। भारत के पूर्व CJI, पूर्व पीएम, पूर्व राष्ट्रपति द्वारा वहां श्रद्धांजलि सुमन अर्पित की गई। इतने महत्वपूर्ण स्थल को ये सरकार छेड़ना चाहती है। मैं सरकार से पूछना चाहूंगा कि क्या सर्वजन के नाम पर सभी धार्मिक स्थलों को एक जगह किया जा सकता है? क्या मथुरा और बनारस समेत मंदिरों और देवी-देवताओं को अयोध्या राम मंदिर ले जाकर एक जगह पर दर्शन की व्यवस्था हो सकती है? पार्टी प्रवक्ता अनिकेत धानुक ने कहा- विधानसभा मार्ग पर बने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की अस्थि कलश की जगह को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। आजाद समाज पार्टी यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। बाबा साहब में हम लोगों की अपार आस्था है। आजाद समाज पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। इस अस्थि कलश को हटाने का विरोध करेगी। जिन लोगों को संविधान से दिक्कत है, वही लोग बाबा साहब की अस्थि कलश को हटाना चाहते हैं। ———————- ये खबर भी पढ़िए- योगी, रक्षामंत्री के साथ युद्धपोत के अंदर गए : लखनऊ में राजनाथ सिंह ने CM की तारीफ की, कहा- जिस तरह यूपी को संभाला, वह मिसाल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में शनिवार को सीएम योगी की तारीफ की। उन्होंने कहा- यूपी कभी वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया के नाम से जाना जाता था। इन्वेस्टर्स यहां आने से डरते थे। लेकिन अब यूपी बदल चुका है। सीएम योगी ने यहां के बिगड़े हुए लॉ एंड ऑर्डर को जिस तरह संभाला, वह अपने आप में मिसाल है। सीएम ने यूपी की छवि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट के रूप में पेश की। (पूरी खबर पढ़िए)