‘मैंने बेटी के मुंह में कपड़ा ठूसा, नाक दबाई’:गाजियाबाद में मां बोली- मुझे उससे चिढ़ थी, इसलिए उसे मार डाला

मैं सौतेले बच्चों की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहती थी। वंशिका से मुझे चिढ़ होने लगी थी। मैं दूसरे की बच्ची नहीं पाल सकती थी। वो मुझे बहुत परेशान भी करती थी। इसलिए मैंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा, फिर उसकी नाक बंद करके उसे मार डाला। यह कहना है गाजियाबाद में अपनी 4 साल की बेटी की हत्या करने वाली सौतेली मां ज्योति का। ज्योति ने पहले बताया था कि बेड से गिरकर बच्ची की मौत हुई है। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूला है। उसने पुलिस को बताया- मैं सौतेले बच्चों की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहती थी। गुस्से में मैंने बच्ची का मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी। बच्ची के ताऊ की शिकायत पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना सोमवार रात की वेव सिटी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने सोमवार को इसका खुलासा किया। अब पढ़िए पूरा मामला… पहली पत्नी को छोड़ दिया
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के सोपा गांव के रहने वाले नितेश (30) गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। नितेश की पहली शादी विनेश के साथ हुई थी। पहली पत्नी से 2 बच्चे दर्श (5) और वंशिका (4) थे। करीब 2 साल पहले नितेश ने अपनी पहली पत्नी विनेश (28) को छोड़ दिया। इसके बाद से विनेश अपने मायके में रह रही है। करीब डेढ़ साल पहले नितेश ने ज्योति (23) के साथ दूसरी शादी कर ली। ज्योति से 2 महीने की बेटी अनन्या है। नितेश ने बताया कि 16 मई की दोपहर ढाई बजे मैं अपनी ड्यूटी पर गया था। उस समय घर पर मेरी दूसरी पत्नी ज्योति और तीनों बच्चे मौजूद थे। रात 8 बजे मैं ड्यूटी से वापस लौटा, तो देखा कि 4 साल की बेटी वंशिका मृत अवस्था में पड़ी थी। पत्नी ने कहा- बेटी बेड से गिर गई
नितेश ने बताया कि जब मैंने पत्नी ज्योति से बच्ची के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि वंशिका बेड से गिर गई थी। गिरने के बाद वह रोने लगी और उसे चोट लग गई। इसके बाद उसने बच्ची को बेड पर लिटाकर उसके ऊपर कपड़ा डाल दिया। नितेश ने बताया कि शक होने पर मैंने अपने बड़े भाई अमित को फोन कर बुलाया। इस दौरान ज्योति लगातार बातों को घुमाकर परिवार को गुमराह करती रही। फिर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने सौतेली मां ज्योति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली। अब पढ़िए कबूलनामा…. मुंह में कपड़ा ठूंसा, नाक दबाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ज्योति ने बताया- वंशिका मेरे पति की पहली पत्नी की बेटी थी। पति की पहली पत्नी बच्चों को छोड़कर चली गई थी। मैं सौतेले बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार नहीं थी। मैंने पहले भी पति से कहा था कि मैं दूसरे के बच्चों की देखभाल नहीं कर सकती, लेकिन पति मुझ पर बच्चों को अपनाने का दबाव बनाता था। मेरी अपनी दो महीने की बेटी भी है। ऐसे में मैं सौतेले बच्चों की देखभाल नहीं करना चाहती थी। वंशिका से मुझे चिढ़ होने लगी थी। घटना वाले दिन वंशिका मुझे बार-बार परेशान कर रही थी। गुस्से में मैंने पहले वंशिका को बेड पर पटक दिया। जब वह जोर-जोर से रोने लगी, तो मैंने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि आवाज बाहर न जाए। इसके बाद मैंने बच्ची की नाक दबा दी, जिससे कुछ देर में उसकी सांस रुक गई। बच्ची के फर्श पर गिरने की झूठी कहानी बनाई
ज्योति ने बताया कि हत्या के बाद मैंने इसे हादसा दिखाने के लिए बच्ची के बेड से फर्श पर गिरने की कहानी बना दी। घटना की जानकारी मिलने पर बच्ची के ताऊ अमित ने वेव सिटी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अमित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ज्योति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बच्ची के ताऊ अमित की शिकायत के आधार पर आरोपी सौतेली मां ज्योति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। ज्योति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़ें 25 साल की महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत:नोएडा में पिता बोले- मारकर फेंका गया; डेढ़ साल पहले एक करोड़ में की थी शादी ग्रेटर नोएडा में 25 साल की महिला की घर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। महिला के मायके वालों का आरोप है कि बेटी की हत्या की गई। पढ़ें पूरी खबर…