‘मैं 41 साल की हो गई, मेरी शादी करा दो’:प्रयागराज की युवती का VIDEO, बोली- परिवार वाले नहीं करा रहे

मैं 41 साल की हो गई और मैं शादी करना चाहती हूं लेकिन मेरे घर वाले शादी नहीं कर रहे हैं। कहीं से रिश्ता आता है तो मेरा भाई और भाभी इनकार कर देते हैं। कहते हैं पैसे खर्च होंगे। जबकि जमीन लिखवा लेते हैं। यह कहना है प्रयागराज की एक युवती का, जिसने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरायइनायत थाने में तहरीर दी है। युवती ने अपने माता-पिता, भाई बहन पर FIR दर्ज करने के साथ ही अधिकारियों से शादी कराने की गुहार लगाई है। अब पूरा मामला पढ़िए… माधुरी पटेल (41 साल) सरायइनायत थाना क्षेत्र के मनापुर उर्फ बगईकला गांव की रहने वाली है। माधुरी ने सरायइनायत थाने में तहरीर देकर कहा- मैं 20 साल से घर में अकेले रह रही हूं। मेरे माता-पिता ने पारिवारिक कारणों से मुझे घर से अलग कर दिया है। पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल मेरे साथ गालीगलौज करने के साथ मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। परिवार के लोग मेरे साथ मारपीट करते हैं। युवती ने कहा- मेरी उम्र 41 साल हो गई है लेकिन मेरे मां-बाप ने मेरी शादी नहीं की। बल्कि शादी के लिए मुझे ही दोषी ठहराते हैं। मैंने कभी अपनी शादी से इंकार नहीं किया है। तहरीर में युवती ने पुलिस से गुहार लगाई है। उसने कहा- मेरी शादी किसी अच्छे लड़के से करा दी जाए, जिससे मैं सम्मानपूर्वक जीवन जी सकूं। 20 साल से आर्थिक मदद नहीं की माधुरी ने कहा- मैं पिछले 20 साल से अकेली रह रही हूं लेकिन परिवार ने मेरी किसी प्रकार से आर्थिक मदद नहीं की। उसे कभी खाने-पीने की चीज नहीं दी गई। मैं खुद एक स्कूल में पढ़ाकर, कपड़ों की दुकान, ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना जीवनयापन कर रही हूं। 27 अप्रैल को परिवार ने मारपीट की माधुरी ने कहा- 27 अप्रैल को मैं घर में नहा रही थी तभी मेरे पिता रामराज पटेल, माता विमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल कमरे में घुस आए और मेरे साथ मारपीट की। मुझे पांचों ने जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद मैं किसी तरह से बचकर भागी। माधुरी की दो छोटी बहनों की भी नहीं हुई शादी युवती 4 भाई-बहन है। युवती के बड़े भाई की शादी हो चुकी है। माधुरी ने बताया- मेरी दो छोटी बहनों की उम्र 37 साल और 34 साल हो गई है लेकिन उनकी भी शादी अब तक नहीं हुई है। माधुरी ने ग्रेजुएशन के साथ डीएलएड किया माधुरी पटेल ने ग्रेजुएशन के साथ डीएलएड किया है। टीचर भर्ती के लिए CTET और TET का भी एग्जाम दे रही है। पिता खेती किसानी करते हैं। वह ट्रैक्टर भी चलवाते हैं। करीब 15 बीघे जमीन की खेती है। ———————-
ये खबर भी पढ़ें…
टैंकर से दुल्हन का सिर कुचला, चुनरी में बटोरे चीथड़े:शाहजहांपुर में 4 की मौत, कार के परखच्चे उड़े; ससुर विदाई कराकर लौट रहे थे शाहजहांपुर में गुरुवार दोपहर हादसे में दुल्हन समेत 4 की मौत हो गई। परिवार दुल्हन को मायके से विदा कराकर घर ला रहा था। तभी रास्ते में टैंकर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटी खाई और उसके परखच्चे उड़ गए। पार्ट्स सड़क पर बिखर गए। पढ़िए पूरी खबर