यूपी की बड़ी खबरें-:लखीमपुर में कोचिंग सेंटर पर हमला; नीली बत्ती लगी गाड़ी से आए दबंगों ने तलवार चलाई; 2 घायल

लखीमपुर में एक कोचिंग सेंटर पर नीली बत्ती लगी बोलेरो से आए हमलावरों ने हमला कर दिया। रामनगर स्थित कोचिंग सेंटर में छह से अधिक हमलावर जबरन घुस गए। विरोध करने पर उन्होंने तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक घायल हो गए। कोचिंग संचालक दिलीप मिश्रा ने बताया- देवकली रोड के अमन वर्मा, अंश वर्मा और विशाल छात्राओं का पीछा करते थे। विरोध किया गया तो वे चले गए। कुछ देर बाद वे साथियों के साथ लौटे। वे सरकारी बोलेरो और एक बुलेट पर सवार थे। हमलावरों ने कोचिंग में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने तलवार से भी हमला किया। पुलिस में तहरीर दी गई है। हमले का वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर मुजफ्फरनगर से अपहरण कर डिप्टी टोल मैनेजर की हत्या, मेरठ में फेंका शव मुजफ्फरनगर में टोल पर शराब पीने से रोकने पर टोलकर्मियों ने टोल मैनेजर और डिप्टी टोल मैनेजर के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी डिप्टी टोल मैनेजर को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए और उनकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में भोला झाल में फेंक दिया। मेरठ पुलिस ने डिप्टी टोल मैनेजर के शव को शुक्रवार शाम झाड़ियों से बरामद कर लिया। पुलिस ने मुख्य दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मामला थाना छपार क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित टोल का है। पढ़ें पूरी खबर फतेहपुर में एक साल बाद कब्र से निकाला विवाहिता का शव, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप फतेहपुर में शुक्रवार को एक साल बाद एक महिला का शव कब्र से निकाला गया। कोर्ट के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। दरअसल, 1 सितंबर 2024 को महिला की संदिग्ध मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने शव दफन कर दिया। पता चलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किया। परिजन ने कोर्ट में शिकायत की। कोर्ट के आदेश पर एक साल बाद शव निकाला गया। ससुराल वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला खागा कोतवाली क्षेत्र के लाडलेपुर गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… बदायूं में स्कूल के अंदर मिला प्रबंधक के बेटे का शव, खून से सना चेहरा, टूटे हुए थे दांत बदायूं में बंद प्राइवेट स्कूल में स्कूल प्रबंधक के बेटे का शव बरामद हुआ है। शव में हाथ-पैर पर चोट के निशान मिले हैं। नाक से खून बह रहा था। दो दांत टूटे हुए थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। युवक गुरुवार शाम को भूसा लेने के लिए स्कूल गया था। काफी देर तक नहीं लौटा तो देर रात पिता खोजते हुए स्कूल में पहुंचे। जहां युवक बेहोशी की हालत में मिला। आनन-फानन में सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर… शामली में चाकू गोदकर युवक की हत्या, शाम को घर से निकला था, सुबह मिली लाश शामली में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह खून से लथपथ लाश गांव से दूर खेतों में मिली। युवक की पहचान गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी कय्यूम (21) के रूप में हुई है। युवक फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। गुरुवार शाम वह घर से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। सुबह गांववालों ने खेत में युवक का शव देखा। गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र की पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई जगह चाकू के निशान मिले हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या की वजह अभी सामने नहीं आ सकी है। पढ़ें पूरी खबर… मऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कसा तंज, कहा- BJP का कोई धर्म नहीं, अखिलेश ‘पीडीए’ की परिभाषा स्पष्ट करें अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ‘संविधान सम्मान व जनहित हुंकार यात्रा’ को लेकर मऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। मौर्य ने कहा- भाजपा का कोई धर्म नहीं, उसका काम सिर्फ भाईचारे का कत्ल करना और संविधान विरोधी गतिविधियां करना है। अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ फॉर्मूले पर तंज कसते हुए बोले- जो नेता कभी ‘पी’ को पिछड़ा, कभी पंडित, ‘डी’ को दलित तो कभी डिंपल यादव और ‘ए’ को कभी अगड़ा तो कभी अल्पसंख्यक बताता हो, वो खुद ही भ्रमित है। मौर्य ने सपा को भी नीतियों से भटकने वाला दल बताया। अपने ऊपर हुए हमलों को लेकर कहा- सुपारी देने वाले देते रहेंगे, बोली 20 से 51 करोड़ तक लगती रही, लेकिन मैं विचारों से लड़ता हूं, किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज का अपमान हुआ तो वे पहाड़ बनकर उनके साथ खड़े रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर… प्रयागराज में घर के बाहर सोते समय महिला की हत्या, सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान प्रयागराज में एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला घर के बाहर सो रही थी। सुबह उसका शव खून से लथपथ मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटना रात 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह पति जागा तो वह खून से लथपथ मिली। अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना अहियापुर के क़ुतुबपट्टी गांव की है। महिला का परिवार अहियापुर गांव में रहता है। महिला का पति मजदूरी करता है। महिला गांव के एक निजी स्कूल में दाई का काम करती थी। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। बाकी दो बेटियां और बेटा घर पर ही रहते हैं। परिवार के अनुसार, मंगलवार रात सभी ने खाना खाया और अपने-अपने बिस्तर पर सो गए। महिला घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। सुबह करीब साढ़े चार बजे पति की नींद खुली। उसने देखा कि पत्नी चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी है। सिर पर गंभीर चोट थी। पूरी खबर पढ़िए कानपुर में इंस्टाग्राम में युवती बनकर दोस्ती, होटल ले जाकर दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाई कानपुर में इंस्टाग्राम पर युवती बनकर एक युवक ने महिला से दोस्ती कर ली। इसके बाद आरोपित ने उसे मिलने के बहाने होटल बुलाया। जहां आरोपित ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपित वीडियो को वायरल करने धमकी देकर पीड़िता से 1.50 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपित की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने कलक्टर गंज थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। बेकनगंज की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी इंस्टाग्राम पर ‘सानिया’ नाम की प्रोफाइल से दोस्ती हुई, जिसने खुद को लखनऊ निवासी बताया। अक्टूबर 2024 में ‘सानिया’ ने उसे मैसेज कर कानपुर आने की बात कही और घंटाघर क्षेत्र के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। जब पीड़िता होटल पहुंची और फोन किया, तो कॉल एक युवक सूफियान ने उठाया। उसने खुद को ‘सानिया’ का भाई बताया और कहा कि वह अभी बाहर गई है। इसी बहाने वह महिला को होटल के कमरे में ले गया। पूरी खबर पढ़िए भाजपा विधायक के भाई को जमानत मिली, एक से दो दिन में हो सकती है रिहाई, सीएम पर की थी अभद्र टिप्पणी गोरखपुर में सीएम योगी एवं उनके ओएसडी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के भाई भोलेंद्र पाल सिंह को कोर्ट से जमानत मिल गई है। एक से दो दिन में उनकी जेल से रिहाई हो सकती है। जेल जाने के बाद भोलेंद्र ने अपनी गलती मानी थी और सीएम पर भरोसा जताया था। अभद्र टिप्पणी के मामले में उनपर 3 थानों में 7 एफआईआर दर्ज हुई थी। कोर्ट से उन्हें गुरुवार को जमानत दी गई। भोलेंद्र पाल सिंह, विधायक के मझले भाई हैं। 28 अगस्त की रात उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर हंगामा मचा दिया था। उन्होंने इस पोस्ट में प्रदेश के सीएम व उनके ओएसडी पर अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने सैंथवारों के नेता रहे स्व. केदार सिंह की प्रतिमा को चर्चित जमीन से हटाने की चर्चा के बीच यह पोस्ट की थी। पूरी खबर पढ़िए प्रयागराज में ठग ने पूर्व आईजी डीके पांडा के खाते से 4.32 लाख रुपए उड़ाए, ‘दूसरी राधा’ के नाम से हैं मशहूर प्रयागराज में ‘दूसरी राधा’ के नाम से मशहूर पूर्व आईजी डीके पांडा साइबर ठगी का शिकार हो गए। वॉट्सऐप पर भेजे गए एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 4.32 लाख रुपए निकाल लिए गए। यह घटना 9 सितंबर को हुई थी। जिसकी एफआईआर 15 सितंबर को धूमनगंज थाने में दर्ज की गई। मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले 1971 बैच के आईपीएस अधिकारी डीके पांडा ने 2005 में नौकरी छोड़कर ‘दूसरी राधा’ का रूप धारण कर लिया था। बाद में 2015 में वे कृष्णानंद बन गए। वह लंबे समय से प्रयागराज के एडीए कॉलोनी, प्रीतमनगर में रह रहे हैं। पांडा ने बताया कि वह इंडियन बैंक, मुंडेरा शाखा का टोल-फ्री नंबर इंटरनेट पर खोज रहे थे। तभी उन्हें राहुल कुमार नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को बैंककर्मी बताया और मदद का भरोसा दिलाया। उसने वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा। लिंक खोलने के बाद कॉलर ने पांडा को घंटों तक बातचीत में उलझाए रखा और इसी दौरान उनके यूको बैंक सेविंग्स खाते से चार ट्रांजैक्शन में कुल 4.32 लाख रुपए निकाल लिए। पूरी खबर पढ़िए बाराबंकी में एक ही घर के चार बच्चे लापता, घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे; परिजन बोले- कुछ सेकंड में ही हो गए गायब बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव से गुरुवार सुबह स्कूल गए चार बच्चे लापता हो गए हैं। सफदरगंज थाने से लापता हुए बच्चों में पिंटू के नौ वर्षीय पुत्र ठुन्नी और छह वर्षीय शनी शामिल हैं। इसके अलावा विपिन के आठ वर्षीय पुत्र अंकित और पांच वर्षीय राज भी लापता हैं। यह सब एक की परिवार के बच्चे हैं। लापता हुए बच्चों के पिता जीजा और साले हैं। यह सभी बच्चे गुरुवार सुबह गांव के ही स्कूल पढ़ने गए थे, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटे। मंगता बिरादरी के इन बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने सफदरगंज थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है। पूरी खबर पढ़िए गाजीपुर में महिला की लात-घूसों से पीटकर की हत्या, बेटे को बचाने पर दबंगों ने की पिटाई गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। कुछ दबंगों ने एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार की रात करीब 11 बजे की है। 50 वर्षीय मंशा देवी से कुछ दबंगों की कहासुनी हुई और फिर दबंगों ने उन्हें भी लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में मंशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़िए भदोही में कार की टक्कर से दो लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल; वाराणसी रेफर भदोही के गोपीगंज में गुरुवार देर रात 11 बजे एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गैराई पावर हाउस के सामने जीटी रोड पर हुई। पुलिस के अनुसार, जंगीगंज से गोपीगंज की ओर जा रही ब्रेजा कार ने सामने चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। मोटरसाइकिल पर सवार 65 वर्षीय विमला देवी पत्नी लालमणि प्रजापति, निवासी सीकी चौराहा बिछिया, की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पूरी खबर पढ़िए