यूपी में ठंड बढ़ गई है। सभी 75 जिलों में रात का पारा 15°C और दिन का 30°C से नीचे आ गया है। रात में गलनभरी सर्दी पड़ने लगी है। सुबह लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। शनिवार को हरदोई सबसे ठंडा रहा। पारा 9°C रिकॉर्ड किया गया। रविवार सुबह बलिया, देवरिया, लखीमपुर-खीरी, प्रतापगढ़, संभल और अयोध्या समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। भदोही में सुबह 7 बजे भी विजिबिलिटी इतनी कम रही कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। लोग अलाव तापते रहे। इधर, मऊ में घने कोहरे की वजह से 2 ट्रकों की भिड़ंत हो गई। वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर आमने-सामने टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौसम विभाग ने कल घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने को कहा गया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अब प्रदेश में कड़ाके की ठंड का सिलसिला शुरू होगा। कोहरा और घना होगा तथा धूप का असर कम होता जाएगा। अगले एक हफ्ते में ठंडी पछुआ हवाओं के असर से तापमान 5°C से 6°C तक गिर सकता है और दिन का पारा 20°C से नीचे आ जाएगा। मौसम की 2 तस्वीरें- बड़े शहरों का हाल जानिए- अब गलन वाली सर्दी शुरू होगी, दिन में भी ठिठुरन होगी