यूपी के 22 जिलों में येलो अलर्ट:6-8 सितंबर को पूर्वांचल में भारी बारिश के आसार, 10 नदियां उफान पर

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस बीच गंगा-यमुना समेत 10 से अधिक नदियों के उफान पर होने से प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित हैं, जबकि 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। फिलहाल 4,847 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। बाढ़ की तस्वीरें देखिए… अब मानसून होगा कुछ दिनों तक पूर्वांचल में होगा हल्का
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्से के पास पहुंच गया है। इसके अलावा उत्तरी हरियाणा के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां मजबूत हुई हैं और कई इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य भाग के आसपास अर्द्ध-स्थिर रह सकता है। इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम प्रणाली के मुड़ने के कारण 6 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके बाद इस मौसम प्रणाली का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त होने की संभावना है। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में प्रभावी कमी आ सकती है। यानी सितंबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में बारिश का जोर कुछ कम होने की संभावना है, हालांकि स्थानीय स्तर पर बारिश का दौर बना रह सकता है। कल कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…