यूपी के 30 शहरों में बारिश,300 साल पुराना मंदिर ढहा:लखीमपुर में 5 सेकेंड में मकान नदी में समाया, आज पूरे प्रदेश में बरसात का अलर्ट

मानसून पूरे यूपी में एक बार फिर एक्टिव हो गया है। रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, बरेली समेत 30 शहरों में बारिश हुई। ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे। संतकबीरनगर में बारिश में 300 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढह गया। एक दिन पहले ही डीएम और एसपी ने मंदिर का निरीक्षण किया था। जालौन में रविवार दोपहर करीब आधे घंटे मूसलाधार बारिश हुई। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें पानी से भर गईं। झांसी में करीब 15 मिनट गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। इधर, प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नदी किनारे कटान हो रहा है। एक मकान 5 सेकेंड में नदी में समा गया। लखीमपुर में शारदा नदी के कटान में एक घर समा गया। गनीमत रही कि उस वक्त अंदर कोई नहीं था। कानपुर में गंगा चेतावनी स्तर तक पहुंच गई है। प्रशासन ने नदी में बोटिंग पर रोक लगा दी है। वाराणसी में रत्नेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न हो गया है। दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा 54 मिमी बारिश हमीरपुर में हुई। इसके अलावा श्रावस्ती में 40.5 मिमी, सुल्तानपुर में 37.3 मिमी, महराजगंज में 36.2 मिमी और गाजीपुर में 35.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम की 3 तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और बादलों के सिस्टम के झारखंड की तरफ बढ़ने की वजह से कारण मानसून की हवाएं अब यूपी की तरफ मुड़ गई हैं। इस वजह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। 24 जुलाई तक मौसम ऐसा ही रहेगा। दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…