यूपी- टिकट बेचने के खुलासे के बाद पार्टियों में हड़कंप:मायावती ने पोस्ट कर सफाई दी, मंत्री निषाद ने जांच कमेटी बनाई

दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन स्टोरी टिकट डील पार्ट 1 और पार्ट 2 में विधायकी के टिकट बेचने के खुलासे के बाद पॉलिटिकल पार्टियों में हड़कंप मच गया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। वहीं, मंत्री डॉ. संजय निषाद ने पार्टी लेवल पर जांच कमेटी बनाई है। सुभासपा, अपना दल (सोनेलाल) और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) डैमेज कंट्रोल की कोशिश में लगे हैं। दरअसल, भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में BSP के यूपी अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मायावती से मुलाकात के लिए 5 लाख रुपए की डिमांड की। वहीं, विधायक के टिकट के रेट 3.35 करोड़ रुपए बताए। ये स्टिंग पब्लिश होने के बाद मायावती ने अपने X हैंडल पर सफाई देते हुए कहा- BSP बहुजन समाज के संवैधानिक हक व न्याय के लिए बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने वाली सच्ची और ईमानदारी पार्टी है। दूसरी पार्टियां इसे बदनाम करने की कोशिश कर रही है।’ मायावती ने मिशन 2027 का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प भी दोहराया। संजय निषाद बोले- हमने लोगों को सहयोग देकर चुनाव लड़ाया है
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भास्कर के स्टिंग के बाद पार्टी स्तर पर 4 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो उनकी पार्टी में टिकट वितरण में रुपए की डिमांड की जांच करेगी। उन्होंने कहा- हम पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव लड़े हैं। सहयोग देकर चुनाव लड़ाया है। जो भी सामने आएगा, कार्रवाई करेंगे। भास्कर के कैमरे पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी के पदाधिकारी विधायक के टिकट के बदले रुपयों की डिमांड करते एक्सपोज हुए हैं। इनके अलावा पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन करने वाली जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह चौहान ने 2 करोड़ रुपए में टिकट देने की डील की। अब पढ़िए, पूरी इन्वेस्टिगेशन – पार्ट- 1 मंत्री राजभर, निषाद, अनुप्रिया की पार्टियां बेच रहीं टिकट:यूपी में विधायक टिकट का रेट 2 से 8 करोड़, देखिए ऑन कैमरा डील विधानसभा चुनाव 3 महीने पहले कराने की सुगबुगाहट के बीच पॉलिटिकल पार्टियां टिकट बेचने में जुट गई हैं। सीट के अनुसार टिकट की कीमत तय की जा रही है। पार्टी छोटी है और सीट पर उसकी पकड़ कमजोर है, तो 2 करोड़ रुपए में टिकट मिल सकता है। पार्टी की स्थिति मजबूत है और सीट पर उसकी पकड़ है, तो 8 करोड़ से कम में बात नहीं बनेगी। टिकट बेचने वालों में 3 मंत्रियों की पार्टियों के पदाधिकारी हैं। पूरी इन्वेस्टिगेशन पढ़ें… पार्ट- 2 मायावती से मुलाकात के ₹5 लाख, टिकट के ₹3.35 करोड़:यूपी के बसपा अध्यक्ष बोले- चुनाव नजदीक, पूरा पैसा कैश में लगेगा राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा रखने वाली बसपा में एंट्री के लिए दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने खुद को नेता दिखाने के लिए फाइल तैयार की। बसपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से जान-पहचान बढ़ाई। फिर लखनऊ की BKT (बख्शी का तालाब) विधानसभा सीट से टिकट की डिमांड की। हमने लखनऊ के BSP जिलाध्यक्ष शैलेंद्र गौतम से संपर्क किया। इंदिरानगर में रघुवर मैरिज हॉल के पास शैलेंद्र ट्रेडर्स पहुंचे। यहां शैलेंद्र गौतम बैठे मिले। पूरी इन्वेस्टिगशन पढ़ें…