यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:ओवैसी बोले- मुस्लिम दरी नहीं बिछाएंगे; थप्पड़कांड पर भड़के अखिलेश; फौजी का शव ला रहे बेटे-भाई-भतीजे की मौत

आज की सबसे बड़ी खबर सेना के सूबेदार का शव लेकर पंचकुला से देवरिया जा रहे उनके इकलौते बेटे, भाई, रिश्ते के भतीजे और एंबुलेंस चालक की सुल्तानपुर में हादसे में मौत से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर असदुद्दीन ओवैसी के अखिलेश यादव पर तंज को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- जवान का शव लेकर आ रहे बेटे-भाई-भतीजे की मौत, सुल्तानपुर में एंबुलेंस ट्रक में घुसी सुल्तानपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस एक्सप्रेस-वे किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में सूबेदार सत्यवान का शव लेकर पंचकुला से देवरिया जा रहे इकलौते बेटे गौरव सिंह, भाई राम समुझ, रिश्ते के भतीजे राजन सिंह और ड्राइवर जसपाल की मौत हो गई। टक्कर में एंबुलेंस का केबिन पिचक गया और दो शव फंस गए। जवान का पार्थिव शरीर हलियापुर थाने में रखा गया है। पूरी खबर पढ़ें 2- ओवैसी बोले- हमसे अखिलेश को तकलीफ होती, हम केवल दरी नहीं बिछाएंगे AIMIM चीफ ओवैसी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा- झारखंड में जिस भाजपा समर्थित कैंडिडेट ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को हराया, उसके बेटे को सपा ने राज्यसभा का टिकट दिया। फिर हम पर ही भाजपा की ‘बी टीम’ होने का इल्जाम क्यों लगाया जाता है? हमारी बातों से अखिलेश को तकलीफ होती, हम केवल दरी नहीं बिछाएंगे। हमें हमारा हक मिलना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें 3- योगी ने भदोही जिले का नाम बदला, अब संत रविदासनगर भदोही के नाम से जाना जाएगा सीएम योगी ने भदोही जिले का नाम संत रविदासनगर भदोही कर दिया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा- वे गिनते रहें, हम नौकरियां देते जाएंगे। इसके पहले लखनऊ में कहा- हम कैसा भारत चाहते हैं? बिखरा हुआ भारत, बंटा हुआ भारत? हमें एक भारत, श्रेष्ठ भारत चाहिए। गायत्री परिवार की कार्यशाला में पहुंचे सीएम योगी का स्वागत लोटा और माला देकर किया गया। पूरी खबर पढ़ें 4- थप्पड़ कांड के बाद अखिलेश यादव की बड़ी कार्रवाई, गोरखपुर जिला-महानगर इकाई भंग थप्पड़ कांड के बाद अखिलेश यादव ने गोरखपुर जिला-महानगर इकाई और फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भंग कर दी। जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को हटा दिया। शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में बैठने की व्यवस्था को लेकर गाली-गलौज और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश ने पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिया था। पूरी खबर पढ़ें 5- सपा-कांग्रेस में खींचतान पर अखिलेश का पोस्ट, बोले- बात सीट की नहीं, जीत की है यूपी विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर खींचतान के बीच अखिलेश यादव ने रविवार सुबह ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा- “बात सीट की नहीं, जीत की है। लड़ाई इस बात की नहीं है कि किसे कितनी सीटें मिलेंगी, बल्कि असली मकसद गठबंधन की जीत तय करना है।” उनका बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर तल्खी बढ़ी है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मेरठ में पत्नी ने कारोबारी पति को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा, पीटा- कपड़े फाड़े मेरठ में पति को दूसरी महिला के साथ कार में देख पत्नी भड़क गई। पति कार लेकर भागा तो पत्नी बोनट पर लेट गई। इसके बावजूद उसने कार नहीं रोकी और करीब 100 मीटर तक पत्नी को बोनट पर लेकर दौड़ाता रहा। महिला ‘मुझे बचा लो…’ चिल्लाती रही। राहगीरों ने कार रोकने की कोशिश की। कार रुकते ही पत्नी ने पति को बीच सड़क पर पीटा और कपड़े तक फाड़ दिए। पूरी खबर पढ़ें 7- रायबरेली में सपा कार्यकर्ता को घसीटते हुए ले गई पुलिस, मुरादाबाद में पुतला छीना बुलंदशहर, अमरोहा, बिजनौर, शामली, रायबरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी की, पुतले जलाए। रायबरेली में पुतला को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। विधायक राहुल लोधी, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव सहित सैकड़ों नेताओं को अरेस्ट किया। पूरी खबर पढ़ें 8- अन्नू अवस्थी कानपुर में चुनाव लड़ेंगे; कहा- लोगों को हंसाकर जीतेंगे कामेडियन अन्नू अवस्थी ने भाजपा के सिंबल पर कानपुर की सीसामऊ सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया। रविवार को उन्होंने 50 से अधिक गाड़ियों के साथ 16 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली। खुली जीप पर सवार अन्नू के साथ भाजपा सांसद रमेश अवस्थी व अभिनेत्री दीप्ती जोशी भी मौजूद रहीं। अन्नू ने कहा- “हम वहां हंसा-हंसा कर जीतेंगे और जनता को हंसाएंगे।” पूरी खबर पढ़ें 9- लखनऊ में दरोगा की मां और ताऊ की हादसे में मौत, कार खंभे से टकराकर पलटी लखनऊ में रविवार सुबह सड़क हादसे में दरोगा सोनू निगम की मां और ताऊ की मौत हो गई। काकोरी में चकौली अंडरपास के पास उनकी कार खंभे से टकराकर कई बार पलटी और फिर सीधी हो गई। हादसे में पीछे बैठे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा और चालक घायल हो गए। सोनू बिजनौर में दरोगा हैं। बुलंदशहर से मां-ताऊ के साथ वह लखनऊ आ रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 10- चाचा का पिंडदान करने अमेरिका से पहुंचे जैक्सन; बोला- रोज सपने में आते थे अमेरिका से जैक्सन शनिवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने अस्सी घाट पर अपने चाचा नेट की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठान कराया। जैक्सन ने बताया कि वह बचपन से चाचा के साथ रहे और दोनों में गहरा जुड़ाव था। मरने के बाद चाचा अक्सर सपने में आते थे। काशी के अनुष्ठानों का वीडियो देख चाचा की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए आने का फैसला किया। पूरी खबर पढ़ें 11- इस्लाम छोड़ने वाले वसीम रिजवी बोले- मेरी हत्या हो सकती, 1 करोड़ की सुपारी दी यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर ने हत्या की आशंका जताई है। वीडियो जारी कर कहा कि उनकी हत्या की सुपारी दी जा चुकी है और चौबीसों घंटे उन पर नजर रखी जा रही है। रिजवी के मुताबिक, तिहाड़ जेल में बंद एक नामी अपराधी को पुलिस कस्टडी या कोर्ट पेशी के दौरान उनकी हत्या के लिए 1 करोड़ रुपए दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- फिरोजाबाद में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, 5Km दूर से दिखीं लपटें फिरोजाबाद में टायर से ऑयल निकालने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग बेकाबू हो गई। 30-40 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर तक दिखाई देने लगा। फैक्ट्री में काम कर रहे 30 लोग भागकर बाहर आए। धुएं की वजह से सांस लेना मुश्किल हो गया। करीब ढाई घंटे बाद फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पूरी खबर पढ़ें 13- डॉक्टर की चलते-चलते मौत; स्कूटी से अचानक गिरे कानपुर में एक ईएनटी सर्जन की सड़क पर चलते-चलते मौत हो गई। स्कूटी से जा रहे डॉक्टर की अचानक से तबीयत बिगड़ी और स्कूटर सहित लड़खड़ाकर गिर पड़े। हादसे में उनके हाथ और मुंह में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, सर्जन को अचानक हार्ट अटैक आया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- शक्ल एक जैसी; ट्रेन से कटकर मौत किसी और की, अंतिम संस्कार दूसरे का बरेली में जिस शख्स का अंतिम संस्कार कर दिया गया, वही अगले दिन जिंदा घर लौट आया। मंशालाल के बेटे ने ट्रेन से कटे बुजुर्ग की हुलिया और कपड़ों से पहचान पिता के रूप में कर अंतिम संस्कार कर दिया था। अगले दिन मंशालाल घर पहुंचे तो पुलिस जांच में पता चला कि मृतक दरअसल 72 वर्षीय सेवानिवृत्त लोको पायलट चंद्रिका सिंह थे। दोनों का हुलिया मिलता-जुलता था। कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- बारिश का अलर्ट 5 अक्टूबर को यूपी के कई शहरों में तेज बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने मेरठ, आगरा, कानपुर, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…