हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे 3 आरोपियों की संपत्ति शामली पुलिस ने कुर्क कर दी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना के आदेश पर हरियाणा के सोनीपत और करनाल स्थित आरोपियों के घरों में कार्रवाई की गई। पुलिस घरों से डबल बेड, एसी, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, जिम का सामान तक उठा ले गई। पुलिस रविवार शाम करीब 8 बजे यह सारा सामान लेकर शामली पहुंची। अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली के नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हथियारबंद हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाई थीं। आरोपियों के घर से यह सामान ले गई पुलिस राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया: डबल बेड, सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी और जिम का सामान। आर्यन संधू: सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी, इनवर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान। सत्यम कादयान: सेफ, दीवान बेड, जिम का सामान, सोफा, डायनिंग टेबल समेत अन्य संपत्ति। मोहित और सुमित की पुलिस कार्रवाई में मौत, रोहित जेल गया 31 अगस्त को शामली कोतवाली पुलिस ने मोहित और सुमित का एनकाउंटर किया था। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद 30 सितंबर को पुलिस ने रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, राहुल, आर्यन और सत्यम की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहले तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया था। फिर फरारी की घोषणा के बावजूद उनके कोर्ट में पेश नहीं होने पर संपत्ति कुर्क करने का आदेश लिया गया। चार राज्यों में तलाश जारी पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों की तलाश हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में की जा रही है। संपत्ति कुर्क करने के बाद पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है। साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों को मदद पहुंचाने वालों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। ————————— यह खबर भी पढ़ें… गोरखपुर में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़ मारा, कुर्सी पर बैठने को लेकर भिड़े गोरखपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सी पर बैठने को लेकर हंगामा हो गया। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी और ग्रामीण विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे अंशुमान सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए। पूरी खबर पढ़िए…