यूपी में आंधी-तूफान, टिनशेड के साथ 50 फीट उड़ा युवक:100 मीटर दूर खेत में गिरा; 24 घंटे में 94 मौतें, 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल

यूपी में आंधी-तूफान और तेज बारिश की वजह से पिछले 24 घंटे में 94 लोगों की मौत हो गई। बाराबंकी, सीतापुर और देवरिया समेत कई जिलों के 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। बरेली में 90 की रफ्तार में चली आंधी में टिन शेड के साथ 50 साल का युवक करीब 50 फीट हवा में उड़ गया। वह 100 मीटर दूर खेत में गिरा। उसका हाथ टूट गया। अस्पताल में इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा 17-17 मौतें हुईं। मिर्जापुर में आंधी और बिजली गिरने से 15 लोगों की जान चली गई। फतेहपुर में 9, बदायूं में 6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 मौतें हुईं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या समेत 30 जिलों में बारिश हुई। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। दीवार गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। आज यानी गुरुवार सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हवा में नमी होने की वजह से गर्मी बेअसर है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज 51 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है। बुधवार के मौसम की तस्वीरें- अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? यूपी में मौसम की पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…