यूपी में चौराहे पर युवक की गर्दन काटी:लोगों ने बाइक-गुमटी फूंकी, मौके पर 3 थाने की पुलिस पहुंची

संतकबीरनगर में गुरुवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक रात करीब 8:30 बजे बभनी चौराहे से बाइक से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान बाइक से पीछा कर रहे आरोपी ने उसे रोका और गले पर तलवार से वार किया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने एक गुमटी और बाइक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने की कोशिश की। बाद में डीएम आलोक कुमार और डीआईजी संजीव त्यागी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। घटना बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे के पास की है। 3 तस्वीरें देखिए… पढ़िए पूरा मामला… चचेरे भाई का आरोप- तलवार से हमला कर आनंद की हत्या जानकारी के मुताबिक, आनंद (30) पुत्र इंद्रेश कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। वह मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था। मशीन देने के बाद उसने मछली खरीदी और गुटखा लेकर घर वापस लौट रहा था। रोहित का आरोप है कि इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली वहां पहुंचा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने नासिर को तलवार दी। इसके बाद नासिर ने आनंद की गर्दन पर तलवार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में एक मुर्गा विक्रेता, दो नाई और कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। वारदात के बाद आरोपी अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। रोहित ने बताया कि मुख्य आरोपी नासिर अली है, जबकि तलवार देने वाला व्यक्ति जीवधारा गांव का रहने वाला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दो अन्य लोग घटना के बाद हथियार साफ कर रहे थे। हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग गांव वालों ने बखिरा के बभनी चौराहे पर सड़क जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी संदीप कुमार मीना और सीओ भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हुए हैं। —————————- ये खबर भी पढ़िए- मंत्री राजभर, निषाद, अनुप्रिया की पार्टियां बेच रहीं टिकट, यूपी में विधायक टिकट का रेट 2 से 8 करोड़ ‘निषाद पार्टी में विधायक के टिकट के 5 करोड़ रुपए लगेंगे। आधा अभी कर दें, आधा घोषणा से पहले कर देना। पिछली बार कहीं 7-8, तो कहीं 2-3 करोड़ था।’ यह कहना है यूपी की निषाद पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी का। विधानसभा चुनाव 3 महीने पहले कराने की सुगबुगाहट के बीच पॉलिटिकल पार्टियां अभी से टिकट बेचने में जुट गई हैं। पढ़ें पूरी खबर