बेकाबू कार 5 बार पलटी, 4 दोस्तों की मौत:एक IIM में मैनेजर, बाकी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे; दिवाली पर बलिया आए थे

बलिया में कार सवार 4 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात कार 100 की रफ्तार में पेड़ से टकरा गई, फिर 5 बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्‌ढे में जा गिरी। सभी कार में ही फंस गए। पुलिस और आसपास के लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को निकाला। हादसा इतना भीषण था कि एयरबैग खुलने के बाद भी चारों की जान नहीं बच सकी। हादसा जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर नगरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात साढ़े 9 बजे हुआ। चारों दोस्त बाजार से घर वापस जा रहे थे। मृतकों में अभिषेक पटेल (19), कुणाल पासवान (21), गोलू ठाकुर (21) और धनंजय (22) शामिल हैं। अभिषेक IIM, उत्तराखंड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। 6 महीने पहले शादी हुई थी। कुणाल ITI की पढ़ाई पूरी कर चुका था। रेलवे की तैयारी कर रहा था। धनंजय प्राइवेट टीचर था। सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। गोलू ठाकुर सेना और पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। हादसे की 3 तस्वीरें- प्रत्यक्षदर्शी बोले- टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज आई सीओ रसड़ा रजनीश कुमार ने बताया- गौवापार गांव के अभिषेक, कुणाल, गोलू और धनंजय शनिवार शाम घूमने नगरा बाजार गए थे। चारों फॉक्सवैगन वर्टूस कार से निकले थे। रात में गांव लौटते समय यह हादसा हो गया। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास उनकी कार पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार 100 से ज्यादा रही होगी। टक्कर के बाद धमाके जैसी तेज आवाज आई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी को कार से निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को प्राथमिक इलाज के बाद मऊ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार दो फीट तक पिचकी, बोनट बुरी तरह डैमेज हादसा इतना भीषण था कि पेड़ से टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोनट पूरी तरह दब गया और कार दो फीट तक अंदर पिचक गई। आगे के दोनों पहिए भी डैमेज हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों के बारे में जानिए- 1. कुणाल पासवान: आईटीआई की पढ़ाई पूरी की, दूध लेने घर से निकला था
कुणाल ने दो साल पहले आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह प्रयागराज में रहकर रेलवे की तैयारी कर रहा था। दीपावली से दो दिन पहले ही वह गांव आया था। उसके पिता रविंद्र प्रसाद प्राइवेट ड्राइवर हैं। मां शीला देवी हाउस वाइफ हैं। 4 भाई-बहनों में बड़ा था। परिजनों के मुताबिक, शाम 6 बजे मां को बताकर खीर बनाने के लिए दूध लेने घर से निकला था। 2. धनंजय पटेल: प्राइवेट टीचर था, शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था
धनंजय पटेल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाइयों के नाम अजय और विनय पटेल हैं। शादी नहीं हुई थी। प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के साथ ही शिक्षक भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। पिता रामप्रकाश गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां हंसा देवी घर संभालती हैं। बहन रीना की शादी हो चुकी है। 3. गोलू ठाकुर: सेना या पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था
गोलू ठाकुर गांव में रहकर सेना या पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। पिता कमलेश ठाकुर किसान हैं, जबकि मां शारदा हाउस वाइफ हैं। गोलू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाइयों के नाम अंजनी और राजू हैं। अब तक शादी नहीं हुई थी। इकलौती बहन रंजना की शादी हो चुकी है। 4. अभिषेक पटेल: आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे
अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दीपावली से एक दिन पहले गांव आए थे। अभिषेक की शादी छह महीने पहले आकांक्षा सिंह के साथ हुई थी। पिता प्रमोद पटेल गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां आशा सिंह पटेल रिटायर्ड टीचर हैं। दोनों बहनों नीतू और रितु की शादी हो चुकी है। अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। ————————- आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए…
आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…