यूपी में 18 जून को मानसून पहुंचेगा:गोरखपुर के रास्ते एंट्री लेगा; आंधी-बारिश से 111 मौतों पर खिलाड़ियों ने शोक जताया

यूपी में मानसून 18 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया, मानसून केरलम में 26 मई को आ सकता है। अभी की मानसून की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया गया है कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, यह एक संभावित तिथि है। जब मानसून केरलम के आगे बढ़ेगा तभी सटीक तारीख का आकलन किया जा सकेगा। मानसून वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर में 23 जून, झांसी-बरेली में 24 जून, मैनपुरी में 25 जून, आगरा और बिजनौर में 27 जून को आ सकता है। बीते बुधवार और गुरुवार को प्रदेश में आंधी-बारिश से हुई 111 मौतों पर क्रिकेट खिलाड़ियों ने शोक जताया है। शुक्रवार शाम इकाना स्टेडियम में LSG और CSK के बीच मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने 2 मिनट का मौन रखा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया था। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। इससे पहले आज सुबह कानपुर, हरदोई, बदायूं और जालौन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। लखनऊ और बरेली में बादल छाए रहे। तेज हवाएं चलीं। बीते 24 घंटे में बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 16 मई को झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी और चित्रकूट में हीटवेव चलेगी। बाकी हिस्से में मौसम सूखा रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 2025 के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान औसतन करीब 870 से 900 मिमी बारिश हुई थी। यह सामान्य मानसूनी औसत से लगभग 10% से 15% अधिक थी। मौसम की तस्वीरें देखिए- आंधी-बारिश से फसलों को नुकसान, योगी बोले- सरकार जनता के साथ बारिश और आंधी से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। खासकर खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसी सब्जी फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को कहा था कि आपदा की इस घड़ी में सरकार किसानों और जनता के साथ खड़ी है। शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके। राहत कार्यों में अफसरों की किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…