पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 100 गांवों पर बढ़ का खतरा मंडराने लगा है। किनारों पर कटान की वजह से नगर टाड़ी गांव में एक मकान 5 सेकंड के अंदर नदी में समा गया। गनीमत रही कि उस वक्त मकान में कोई नहीं था। कानपुर में गंगा चेतावनी स्तर तक पहुंच गई हैं। प्रशासन ने नदी में बोटिंग पर रोक लगा दी है। प्रयागराज संगम पर गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। अनाउंस कर लोगों को नदी से दूर रहने को कहा जा रहा है। वाराणसी में भी गंगा के घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। बिजनौर में मलान नदी उफान पर है। इस बीच, यूपी में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। रविवार सुबह 7 बजे बरेली में जोरदार बारिश हुई। लखनऊ, कानपुर समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। इससे पहले, शुक्रवार को गोरखपुर, बरेली, आगरा, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर समेत 25 शहरों में बारिश हुई। गोरखपुर में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। गलियों, कॉलोनियों में पानी भर गया। कार-बाइकें आधी डूब गईं। घरों में बारिश का पानी घुस गया। जिला अस्पताल की OPD में पानी भर गया। यहां 6 घंटे में करीब 110 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश की 2 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। आज यह पश्चिमी यूपी को भी पूरी तरह से कवर कर लेगा। इसके असर से यूपी में मानसून रफ्तार पकड़ेगा। अगले एक हफ्ते भारी बारिश होगी।
यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…