सीएम योगी ने शनिवार को गाजियाबाद में ललिता गौतम के परिवार से मुलाकात की। योगी ने PWD गेस्ट हाउस में करीब आधे घंटे तक ललिता के परिवार से बात की। कहा- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे। उन्होंने परिवार को 5 लाख की आर्थिक मदद, पिता और चाचा को एक-एक मुख्यमंत्री आवास देने का ऐलान किया। पुलिस अफसरों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। इससे पहले, पूर्व आईपीएस और मंत्री असीम अरुण सुबह साढ़े 9 बजे ललिता गौतम के परिवार को मेरठ से लेकर गाजियाबाद पहुंचे। मेरठ में बीए की दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या हुई थी। शव 17 मई को गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने 8 जुलाई को कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया था। SSP अविनाश पांडेय ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को थप्पड़ मारे। पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसके बाद मामला ने तूल पकड़ लिया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आजाद समाज पार्टी के प्रमुख सांसद चंद्रशेखर ने परिवार से मुलाकात की थी। इससे पहले, शुक्रवार रात 9 बजे योगी गाजियाबाद के मुरादनगर में अपनी रिश्ते की बहन पुष्पा चौधरी के घर पहुंचे। राजनगर एक्सटेंशन स्थित एमजीआई घरौंदा सोसाइटी में योगी के पहुंचते ही लोग फ्लैट से बाहर निकल आए। ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाने लगे। योगी 45 मिनट तक बहन के घर पर रुके। हाल-चाल पूछा। बाद में बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई। योगी ने पीड़ित परिवार से क्या कहा… परिवार बोला- सीएम से मिलकर तसल्ली हुई सीएम योगी से मिलने के बाद ललिता गौतम के परिवार के सदस्य वेद प्रकाश ने कहा- आज हमारा पूरा परिवार मुख्यमंत्री से मिला। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कोई छूट नहीं पाएगा। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। हमें यह जानकर तसल्ली हुई कि जो अपराधी अभी भी फरार हैं, उन्हें भी सबूतों के आधार पर जेल भेजा जाएगा। अखिलेश और चंद्रशेखर ने भी की थी पीड़ित परिवार से मुलाकात अखिलेश यादव ने 6 दिन पहले शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। अखिलेश ने दिल्ली में सरकारी आवास पर 1 घंटे 15 मिनट तक ललिता के परिवार से बंद कमरे में बात की थी। उन्हें 2 लाख रुपए का चेक सौंपा था। अखिलेश ने परिवार को फोन कर दिल्ली मिलने के लिए बुलाया। कैराना सांसद इकरा हसन माता-पिता और भाई को लेकर दिल्ली पहुंचीं। अखिलेश ने ललिता के पिता से कहा था- बेटी को न्याय मिलेगा। सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देंगे। इससे पहले, 10 जुलाई को सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मेरठ में ललिता के परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने सांसद ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा- न्याय नहीं मिला तो लखनऊ में आंदोलन करेंगे और लोकसभा में भी मामला उठाएंगे। अब जानिए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के बारे में… गाजियाबाद में रात्रि-विश्राम के लिए रुके थे CM योगी पश्चिम यूपी के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को शामली और बिजनौर के दौरे के बाद दोपहर साढ़े 3 बजे गाजियाबाद पहुंचे थे। मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में 868 करोड़ के 90 प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण-शिलान्यास किया था। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया था। इसके बाद कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत करने का निर्देश दिया। इसके बाद योगी ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रात्रि-विश्राम किया। उन्होंने सादा भोजन किया। उन्हें खाने में लौकी-चने की दाल, रोटी, चावल के साथ केले, लौकी और तोरई की सब्जी परोसी गई। ————————— ये खबर भी पढ़ें- लड़की से पूछा- शादी करोगी, मना करते ही गोली मारी:चिल्लाते हुए भागा- किसी और की नहीं होने दूंगा; मेरठ में बीच सड़क वारदात मेरठ में सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ लड़की को रोका। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…