यूपी में 50 जिलों में 40 घंटे से बारिश,हालात बिगड़े:32 जिलों में बाढ़ का खतरा, 36 में स्कूल बंद; योगी बोले- बेवजह न निकलें

यूपी में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पिछले 40 घंटे से 50 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है। 50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। लखनऊ-कानपुर में सड़कें तालाब बन गई हैं। मोहल्लों में पानी भर गया है। अमेठी में पुलिस जगह-जगह अनाउंस कर रही है कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं से फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते आज 11 जिलों में 8वीं और 25 जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और शामली में सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेज भी बंद रहेंगे। वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से यूपी में मौसम बिगड़ा है। 27 सितबंर तक ऐसा ही मौसम रहेगा। राहत आयुक्त ने लोगों को नदी किनारों से दूर रहने की चेतावनी दी है। सीएम योगी ने कहा- तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान बेवजह घर से बाहर न निकलें। अपना और अपनों का ख्याल रखें। सरकार हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ी है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 71.6 मिमी बारिश बलरामपुर में हुई। शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में अलर्ट है। 10 जिलों में बहुत भारी और 13 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की तस्वीरें देखिए… आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट। आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…