सीएम योगी ने वाराणसी में कहा- जो लोग चुनाव के बाद ‘खटाखट-खटाखट’ की बात करते थे, अब जनता जान चुकी है कि आगे के चुनाव में उन्हें ‘सफाचट-सफाचट’ करना है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन की गलतबयानी का जवाब देने के लिए उत्तर प्रदेश पूरी तरह तैयार है। योगी ने शनिवार को वाराणसी के नमो घाट पर एक टीवी मीडिया समूह से बातचीत की। इसमें उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा पर कहा कि जिस अयोध्या आंदोलन का उन्होंने विरोध किया। रामभक्तों पर गोली और लाठी-डंडे चलवाए। फर्जी मुकदमे दर्ज किए और दावा किया कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, आज वहां लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। वे अयोध्या जा रहे हैं तो खुशी है। लेकिन, उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। योगी ने कहा- सपा का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। जब हम युद्ध के मैदान में सामने होंगे, तब मेरा वही रूप फिर से देखने को मिलेगा। योगी बोले- बुलडोजर चलाने के लिए इच्छाशक्ति चहिए योगी ने गोरखपुर की सभी 9 सीटों पर विपक्ष की चुनौती को खारिज किया। कहा- गोरखपुर का अपना इतिहास है। वहां उन्होंने बुलडोजर की सवारी करने का प्रयास किया था। लेकिन, भूल गए कि बुलडोजर सुनना आसान है, उसकी स्टीयरिंग हर व्यक्ति नहीं चला सकता। इसके लिए वैसी ही इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए। सपा सरकार रहते हुए भी भाजपा गोरखपुर में चुनाव जीती और उनके प्रत्याशियों की जमानत जब्त करवाई। 2017, 2022 और 2024 में भाजपा ने सभी सीटें जीतीं। सपा के DNA में उपद्रव, जेन-जी को पता है अराजकता का अतीत विपक्ष के PDA++ समीकरण पर योगी ने कहा- राजनीति विश्वसनीयता की होती है। 10 साल पहले यूपी के नौजवान के सामने पहचान का संकट था। गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था। बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे। जब भी सपा कोई आयोजन करती है तो उपद्रव जरूर होता है। क्योंकि उपद्रव, अराजकता, तोड़फोड़, लूटपाट, कब्जा और कर्फ्यू उनके DNA और जींस का हिस्सा है। योगी ने कहा- जेन-जी और जेन-अल्फा ने भले वह दौर न देखा हो। लेकिन उनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी और बुआ ने उस अराजकता को झेला है। झूठा है सपा का घोषणापत्र, 3 लाख करोड़ के बजट में 4 लाख करोड़ की घोषणाएं कमल का फूल ही भाजपा का चेहरा, 2027 में फिर हैट्रिक लगाएंगे MLC चुनाव पर उन्होंने कहा कि यह व्यक्तिगत मतदाता पर निर्भर होता है। गोरखपुर में सपा लड़ाई में ही नहीं थी और तीसरे-चौथे स्थान पर रही, वहां भाजपा जीती। भाजपा ने पहले की तरह अपनी छह सीटें बरकरार रखीं, जबकि सपा पांच पर रही। वाराणसी की सीटों पर पूरी जानकारी ली गई है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अखिलेश पहले सपा और कांग्रेस का विवाद सुलझाएं। उत्तराखंड मेरी जन्मभूमि, कड़वे सवाल का इलाज कड़वी दवा से ही होगा अखिलेश यादव द्वारा ‘उत्तराखंड के घुसपैठिया’ कहे जाने पर योगी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है। मेरी जन्मभूमि भी है। अगर वे प्रश्न और टिप्पणी करेंगे, तो जवाब मिलने पर परिवार तक न जाने की दुहाई नहीं चलेगी। क्योंकि ‘मीठा-मीठा गप और कड़वा-कड़वा थू’ समाजवादियों की पुरानी आदत है। कड़वी बीमारी का इलाज कड़वी दवा से ही होता है और उन्हें उसी भाषा में जवाब दिया गया जिसे वे समझते हैं। तमंचे-कट्टे से निकलकर एके-203 और ब्रह्मोस बना रहा यूपी योगी ने कहा- निवेशक की पहली प्राथमिकता लैंड बैंक, कनेक्टिविटी और सुरक्षा है। हमने अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस अपनाया और 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू कीं। संतृप्त क्षेत्रों की तुलना में आकांक्षी क्षेत्रों (पूर्वांचल और बुंदेलखंड) में अधिक इंसेंटिव दिए गए, जिससे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सभी 75 जिलों के लिए निवेश प्रस्ताव मिले। अकेले गोरखपुर में 50,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए। उन्होंने कहा कि पहले सपा की सोच तमंचा और कट्टे तक सीमित थी। लेकिन आज यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल, वेब्ली स्कॉट और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। सपा-कांग्रेस में नूरा-कुश्ती चल रही, 80% जनता भाजपा के साथ योगी ने कहा- कांग्रेस और सपा में शह-मात का खेल और नूरा-कुश्ती चल रही है कि कौन बड़ा है और कौन छोटा। अपना कुनबा छिन्न-भिन्न होने के डर से वे जल्दी-जल्दी प्रत्याशी घोषित कर रहे हैं, जिन्हें बाद में बदलते रहेंगे। भाजपा अपना विजन 2022 में ही सामने रखकर धरातल पर उतार चुकी है। ‘80-20’ और ‘बंटोगे तो कटोगे’ के संदेश पर योगी ने कहा- जो भी विकास का पक्षधर है, विरासत का सम्मान करता है और समृद्ध यूपी चाहता है, वह डबल इंजन सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। ऐसे 80% से अधिक लोग भाजपा के पक्ष में हैं। हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर ओवैसी को तोहफा देंगे असदुद्दीन ओवैसी की यूपी में सक्रियता पर योगी ने कहा- भारत बहुदलीय लोकतंत्र है। हर दल को चुनाव लड़ने और गठबंधन करने का अधिकार है। ओवैसी को मेरे खिलाफ बोलने का कोई मुद्दा नहीं मिलता, क्योंकि मेरा वोट उनके पक्ष में नहीं जाना है। लेकिन, उनके वोट में सेंध लगाने से सपा-कांग्रेस चिंतित हैं। योगी ने कहा कि वे ओवैसी का समर्थन नहीं कर रहे, बल्कि उनके यहां आने पर बधाई देते हैं कि हम हैदराबाद को ‘भाग्यलक्ष्मीपुरम’ बनाकर उन्हें तोहफा जरूर देंगे। दिल्ली-लखनऊ में तनाव की अटकलों को खारिज किया केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों पर योगी ने कहा- वे एक योगी हैं। यूपी की जिम्मेदारी संभालते हुए पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश को बीमारू राज्य से देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्था बनाया है। दिल्ली और लखनऊ में तनाव की चर्चाओं को योगी ने खारिज कर दिया। कहा कि ये बातें वे लोग कर रहे हैं, जो यूपी से बेरोजगार हो चुके हैं। जिनकी लूट-खसोट और डकैती के रास्ते बंद हो गए हैं, वे चौराहों व मंचों पर मनगढ़ंत अनुमान लगा रहे हैं।