यूपी में बुधवार को भाजपा ने गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली। गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा- आप लोगों ने सपा अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा। दिल्ली का उनका बयान बड़ा विचित्र सा बयान था। वे कहते हैं कि अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। सपा के बबुआ को थोड़ा समझाइए, लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है। उन्होंने कहा- जैसे 2014 में देश के अंदर जनता ने बदलाव किया था, 2017 में प्रदेश में किया था। और यह बदलाव की ताकत कांग्रेस या समाजवादी पार्टी में नहीं, यह बदलाव जनता जनार्दन के बल पर हुआ था। जनता जनार्दन ही बदलाव करके दिखाती है।” भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी गोरखपुर में थे। उन्होंने माइक संभालते ही भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा रउवा सब ठीक बानी ना? नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- जिस लॉचिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री जी आप कर रहे थे, उसका केवल रॉकेट ही नहीं खराब है। उसका लॉचिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेता को पैदा करता है। उन्होंने कहा- दिल्ली में हमारी भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। विपक्ष देश को भरमाने का काम कर रहा है। रैली में 12 जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग ‘मोदी है-मोदी रहेगा’ लिखी तख्तियां हाथों में लेकर रैली में शामिल हुए। रैली के बाद महाराणा प्रताप कॉलेज से पदयात्रा निकाली गई। यात्रा में नितिन नवीन, सीएम योगी के अलावा सहयोगी दलों के नेताओं में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुभासपा के अनिल राजभर आदि शामिल हुए।