रहीमाबाद पुलिस ने युवती को परिजनों से मिलाया:मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती भटकती मिली, परिवार को सौंपा

रहीमाबाद पुलिस ने एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की तत्परता से युवती सकुशल अपने परिवार तक पहुंच सकी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस टीम की प्रशंसा की। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि बृहस्पतिवार को रहीमाबाद थाना क्षेत्र के बंजारन खेड़ा चौराहे के पास एक युवती भटकती हुई मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम उसे थाने ले आई। युवती मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रही थी और उसके पैर में चोट भी लगी थी। पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार कराया। पूछताछ के दौरान युवती ने अपना नाम लक्ष्मी पुत्री राकेश निवासी ग्राम उझारी, थाना सैदनगली, जनपद अमरोहा बताया। इसके बाद रहीमाबाद पुलिस ने सैदनगली इंस्पेक्टर से संपर्क किया और ग्राम प्रधान के माध्यम से युवती के परिजनों तक सूचना पहुंचाई। परिजनों ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए युवती की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। सूचना मिलने पर परिजन बृहस्पतिवार देर रात रहीमाबाद थाने पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने रहीमाबाद पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।