प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। मोदी 76 साल के हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने लोगों को केक खिलाया। महिला सफाईकर्मियों को बनारसी साड़ी भेंट कर सम्मानित किया। राजनाथ सिंह ने कहा- जिंदगी लंबी नहीं, बड़ी होनी चाहिए। पीएम मोदी ने अपने नेतृत्व, विजन और लगन से इसे हासिल किया है। पिछले 25 साल से वे लगातार संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से संभाल रहे हैं और आगे भी दशकों तक देश की सेवा करते रहेंगे। इससे पहले, वाराणसी के अहिल्याबाई घाट पर बटुक ब्राह्मणों ने मां गंगा का 76 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया। ‘नमामि गंगे’ की टीम ने गंगा को 76 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। नागा साधुओं ने डमरू बजाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। अयोध्या में मेयर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने लता मंगेशकर चौक पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। प्रयागराज में संगम तट पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने सोहर गाकर पीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। लखनऊ में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सिविल अस्पताल में मरीजों को फल बांटे और रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। मोदी के बर्थडे की 5 तस्वीर देखिए… यूपी में पीएम मोदी के जन्मदिन पर हो रहे कार्यक्रम के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…