यूपी के 10 शहरों की हवा खराब, लखनऊ-कानपुर में धुंध:प्रयागराज में AQI 500 पार; यूपी में 3 दिन बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी

यूपी में दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद हवा में प्रदूषण बढ़ गया। सोमवार सुबह 7 बजे प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के पार रिकॉर्ड किया गया। नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 10 शहरों में AQI खतरनाक स्तर में पहुंच गया। इधर, ठंड और कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, गोंडा, महराजगंज समेत 15 से ज्यादा शहरों में सुबह कोहरा छाया रहा। रात का तापमान 15°C से नीचे लुढ़क गया है। सड़कों पर 50 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 3 दिन बाद यूपी में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो जाएगी। वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- जैसे ही उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं तेज होंगी, न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। ठंड का असर और बढ़ जाएगा। बड़े शहरों का हाल जानिए- मौसम की तस्वीरें देखिए- एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) क्या है? ये हवा की क्वालिटी को बताने वाला एक स्कोर है, जो यह समझने में मदद करता है कि हमारे आसपास की हवा साफ है या प्रदूषित। AQI में हवा में मौजूद प्रदूषकों का स्तर मापा जाता है। AQI जितना बढ़ता है, हवा उतनी ही ज्यादा खतरनाक मानी जाती है और हेल्थ रिस्क भी उतना ही बढ़ जाता है। नीचे दिए ग्राफिक से इसे समझिए- खराब AQI हमारी सेहत को कैसे प्रभावित करता है? जब AQI खराब होता है तो हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक हमारे फेफड़ों में गहराई तक पहुंच जाते हैं। ये कण खून के जरिए पूरे शरीर में फैलते हैं और तुरंत से लेकर लंबे समय तक कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स पैदा कर सकते हैं। लगातार एक्सपोजर फेफड़ों की क्षमता कम करता है और क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-