राप्ती नदी में डूबकर 3 बच्चों की मौत:गोरखपुर में तीनों दोस्त नहाने गए थे; आधे घंटे सर्च ऑपरेशन के बाद मिले शव

गोरखपुर में मंगलवार शाम राप्ती नदी में 3 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। तीनों दोस्त शाम करीब 6 बजे नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब आधे घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला। इसके बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। हादसा राजघाट थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए अब पढ़िए पूरा मामला राजघाट थाना क्षेत्र के हांसूपुर निवासी निक्कू उर्फ अंश (15), शक्ति (15) और इरफान (16) मंगलवार शाम राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। देखते-ही-देखते तीनों नदी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने निक्कू और सत्ती के शव बरामद किए। कुछ देर बाद इरफान का शव भी बरामद हुआ। रोज यहां खेलने आते थे तीनों बच्चे तीनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों बच्चे रोज यहां खेलने और घूमने आया करते थे। मृतक इरफान के पिता फखरुद्दीन हलवाई हैं। परिवार में इरफान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह इस्लामिया इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ता था। शक्ति के पिता मोहन मजदूर हैं। शक्ति का एक भाई और एक बहन है। वह 9वीं कक्षा में पढ़ता था। निक्कू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। निक्कू के पिता सुधीर भी मजदूरी करते हैं। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया- करीब 6 बजे थाना राजघाट पुलिस को सूचना मिली कि राप्ती नदी में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद हुए। शवों को मॉर्च्युरी भेज दिया गया है। सीएम योगी ने जताया दुख, जल्द मदद देने के निर्देश तीन बच्चों की मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों से संपर्क कर शासन की ओर से मिलने वाली सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाए। बच्चों की आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। 2 दिन पहले भी हुआ था ऐसा हादसा 24 मई को भी गोरखपुर में ऐसा ही एक हादसा हुआ था। इसमें तीन लोग सरयू नदी में डूब गए थे। जिसमें भाई-बहन की मौत हो गई थी, जबकि गोताखोरों ने रेस्क्यू कर मौसी को बचा लिया था। दोनों भाई-बहन छुट्‌टी में ननिहाल घूमने आए थे। पूरी खबर पढ़िए… ये खबर भी पढ़ें… प्रयागराज में छात्रों ने कंप्यूटर-कुर्सियां तोड़ीं, हाईवे जाम किया:SSC परीक्षा में सर्वर फेल होने से भड़के थे, आज की परीक्षा रद्द यूपी के प्रयागराज में हुई SSC-GD भर्ती परीक्षा के दौरान मंगलवार को सर्वर फेल होने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कमरों में रखे कंप्यूटर और कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। नारेबाजी करने लगे। पूरी खबर पढ़िए…