लखनऊ में दिन में छाया अंधेरा, जोरदार बारिश:66 जिलों में भारी बरसात का अलर्ट, वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूबीं

यूपी में मानसूनी और पहाड़ों पर हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को प्रदेश के 66 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। सुबह करीब 7 बजे से लखनऊ में जोरदार बारिश हो रही है। जबकि आसपास के जिलों में बादल छाए हुए हैं। सोमवार को लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 20 जिलों में बारिश हुई। फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया। शामली में नहर फूट गई। इससे किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई। इधर, पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से यूपी की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध से लेकर पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है। एटा में अरिंद नदी उफान पर है। तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पिछले 36 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई।प्रयागराज में बिजली गिरने से 2 लोगों की, जबकि बलिया और चंदौली में एक-एक किसान की मौत हो गई। एटा में घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बारिश की तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसका असर यूपी पर पड़ रहा है। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में प्रदेश में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…