लखनऊ में तेज बारिश, दिन में छाया अंधेरा:शामली में नहर टूटी, 48 घंटे में 10 की मौत; 75 जिलों में बरसात का अलर्ट

यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। लखनऊ में पिछले 48 घंटों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी में मंगलवार सुबह 7 बजे से तेज बारिश हो रही है। कानपुर, बाराबंकी, आगरा समेत पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज सभसी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 66 में भारी बारिश हो सकती है। इधर, लगातार हो रही बारिश से यूपी की कई नदियां उफान पर हैं। वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है। एटा में अरिंद नदी उफान पर है। गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बलिया, बाराबंकी में घाघरा के बढ़ते जलस्तर की वजह 100 से ज्यादा गांवों पर बाढ़ का खतरा बढ़ाने लगा है। इससे पहले, सोमवार को लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 50 जिलों में बारिश हुई। फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया। शामली में नहर टूट गई। इससे किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई। पिछले 36 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई। बिजली गिरने से प्रयागराज में 2, बलिया और चंदौली में एक-एक किसान की मौत हो गई। एटा में घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बारिश की तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में यूपी में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…