यूपी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के चलते गुरुवार को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। लखनऊ में दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। मेरठ-काशी में शाम को तेज बारिश हुई। अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर समेत 18 जिलों में हल्की बारिश हुई। सहारनपुर में आकाशीय बिजली बड़ी मस्जिद की मीनार पर गिर गई। तेज धमाके के साथ मीनार का एक हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। प्रतापगढ़ में पुलिस ने माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। बेमौसम बारिश से धान की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें गोरखपुर, अयोध्या और मुरादाबाद समेत 21 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश, आंधी की आशंका है। तूफान के असर को देखते हुए सीएम योगी ने प्रदेश के सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।